शाहजहांपुर: शादी करने मंदिर पहुंचे नाबालिग, पुलिस ने पकड़ा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला किशोर साथ में काम करने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर खुटार ले आया। दोनों बुधवार को शादी करने एक मंदिर में पहुंचे तो वहां लोगों को शक हुआ। इसके बाद सूचना पाकर पुलिस पहुंची और दोनों को थाने ले आई। खुटार …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला किशोर साथ में काम करने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर खुटार ले आया। दोनों बुधवार को शादी करने एक मंदिर में पहुंचे तो वहां लोगों को शक हुआ। इसके बाद सूचना पाकर पुलिस पहुंची और दोनों को थाने ले आई।
खुटार का रहने वाला एक किशोर कुछ महीने पहले दिल्ली के आजादनगर की एक फैक्ट्री में काम करने गया था। वहां पर मूलरूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली एक किशोरी भी काम करती थी। लड़का दो दिन पहले किशोरी को अपने घर खुटार लेकर आ गया। एक-दो दिन लड़की को घर में रखने के बाद किशोर बुधवार को खुटार के पंथवारी मंदिर में शादी करने पहुंचा था। दोनों की उम्र कम देखकर मंदिर में लोगों को शक हुआ। इस पर उन्होंने उनसे पूछताछ की तो दोनों घबरा गए। लोगों ने खुटार थाने में सूचना दे दी।
खुटार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के आधार कार्ड चेक किए। लड़की की उम्र 16 साल जबकि लड़के की उम्र 17 साल निकली। पुलिस दोनों को लेकर थाने आ गई। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रामानंद मिश्रा ने बताया कि किशोरी के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। लड़की के भाई ने दिल्ली के आजादनगर थाने में लड़के के खिलाफ बहन का अपहरण कर ले जाने की एफआईआर दर्ज कराई है। लड़की के परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
