Kanpur: निर्माणाधीन दीवार पड़ोसी की छत पर गिरी, पूरी रात मलबे में दबा रहा युवक, मौत, सुबह पता चली घटना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बर्रा दो स्थित केबी-2 कालोनी में शनिवार रात 12 बजे तेज हवाओं से निर्माणाधीन मकान की दीवार पड़ोसी की छत पर गिरी। छत जर्जर होने के कारण दीवार का वजन नहीं उठा सकी और कमरे में सो रहे युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई। हवा के झोंके में टिन सेड, खिड़की दरवाजों की खटपट के कारण किसी को छत गिरने की भनक नहीं लगी और युवक पूरी रात मलबे में दबा रहा। डबल स्टोरी केबी-2 कालोनी निवासी पुष्पा देवी के पति ओमप्रकाश तिवारी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह बड़े बेटे सौरभ, उसकी पत्नी व पोता और छोटा बेटा 35 वर्षीय मोनू तिवारी के साथ रहती हैं। 

गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले सौरभ ने बताया कि मोनू फजलगंज स्थित चप्पल कारखाने में काम करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। शनिवार रात करीब 10 बजे मोनू खाना खाने के बाद पहली मंजिल पर बने कमरे में सोने गया था। देर रात तेज हवाएं चल रहीं थीं। तभी पड़ोसी मनोज शर्मा के निमार्णाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार उनके कमरे की छत पर जा गिरी। ऊंचाई से गिरने की फोर्स और भार के कारण उनकी कमजोर छत ढह गई। आवाज हुई, लेकिन हवा के झोंके में खटपट की आवाज के कारण छत पर देखने नहीं गए। सुबह देखा छत और दीवार का मलबा व सरिया नीचे सो रहे मोनू के ऊपर गिरा था। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। 

चाय पीने के लिए बुलाने गए तब पता चला 

मोनू की मां के अनुसार रोज वह जल्दी उठकर चाय पीने नीचे आता था। रविवार जब काफी समय बीतने पर वह नीचे नहीं आया तो सोचा छुट्टी के कारण सो रहा होगा। करीब आठ बजे चाय बनने पर बड़े बेटे को उसे बुलाने भेजा। वह ऊपर गया तो चीख पड़ा। मोनू मलबे के बीच में दबा था।

यह भी पढ़ें- Kanpur: बड़ा कांड करना चाहते थे वक्फ कानून के विरोधी, पुलिस ने चारों आरोपियों को भेजा जेल

 

संबंधित समाचार