मुरादाबाद: सरयू यमुना एक्सप्रेस में अगवा बच्ची बरामद...चंडीगढ़ से ले जा रहे थे बिहार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। 6 साल की मासूम को चंडीगढ़ से अपहरण करके सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन से बिहार लेकर जा रहे संतोष को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया गया और बच्ची को बरामद कर लिया। सीसीटीवी से मिले सुराग के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने मुरादाबाद पुलिस से मदद मांगी थी, जिसके चलते ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचते ही पुलिस ने सर्च आपरेशन चलाया था। मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस आरोपी व मासूम को अपने साथ ले गई।
 
बिहार के पटना स्थित अजीमाबाद निवासी पिंटू गिरी चंडीगढ़ के सतगुरु नगर में किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। वहीं पास ही बिहार के आरा निवासी संतोष भी रहता है। दोनों परिवारों के बीच आना-जाना था। पिंटू के साथ पत्नी और 6 वर्षीय बेटी रोशनी भी रहती है। सोमवार शाम संतोष ने पिंटू की बेटी रोशनी का अपहरण कर लिया। बच्ची को लेकर वह सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गया। मामले की जानकारी बच्ची के पिता को लगी तो वह तुरंत पुलिस के पास पहुंच गए। पुलिस ने फोटो लेकर जीआरपी पुलिस की मदद से वाट्सएप पर अपलोड किए। 

सीसीटीवी से जानकारी मिली कि ट्रेन से संतोष बच्ची को लेकर जा रहा है। इस पर चंडीगढ़ के एसीपी ने मुरादाबाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह को मामले की जानकारी दी। इस पर मुरादाबाद जीआरपी को अलर्ट कर दिया गया। ट्रेन जैसे ही सोमवार रात लगभग 12 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आकर रुकी तो पुलिस ने सर्च आपरेशन चलाया। ट्रेन में आरोपी बच्ची के साथ मिल गया।

रात होने के चलते बच्ची को चाइल्ड केयर में भेज दिया। मंगलवार सुबह चंडीगढ़ पुलिस मुरादबाद पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और बच्ची को अपने साथ लेकर चली गई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी को जीआरपी ने पकड़ लिया था। जिसे चंडीगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया है

संबंधित समाचार