नेपाल के गढ़वा चिसापानी में लखनऊ से जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 19 यात्री और कंडक्टर घायल
जरवा/बलरामपुर, अमृत विचार। भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित नेपाल के गढ़वा जिले के चिसापानी क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब लखनऊ से पोखरा जा रही एक भारतीय पर्यटक बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। इस हादसे में बस में सवार 23 में से 19 यात्री और कंडक्टर घायल हो गए। सभी यात्री लखनऊ स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के कर्मचारी थे, जो नेपाल भ्रमण के लिए जा रहे थे।
टीम बृहस्पतिवार रात 11 बजे लखनऊ से निकली थी। शुक्रवार सुबह उन्होंने तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध देवीपाटन मंदिर में दर्शन किया और वहां से नेपाल के पोखरा के लिए रवाना हुई। जैसे ही बस ने भारत की सीमा पार कर नेपाल के गढ़वा जिले के चिसापानी क्षेत्र मे करीब 9.30 बजे सुबह प्रवेश किया, उसकी ब्रेक अचानक फेल हो गई।
बस चालक ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को खाई मे गिरने से बचा लिया और वाहन को पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया, जिससे बस एक चट्टान से टकरा गई। इस घटना में बड़ा नुकसान होते-होते टल गया। लेकिन बस में सवार 19 यात्री घायल हो गए।
घटना के चश्मदीद और घायल यात्री अभिषेक तिवारी (38)लखनऊ ने बताया कि जैसे ही ब्रेक फेल हुई, ड्राइवर ने तुरंत बस को पहाड़ की तरफ मोड़ दिया जिससे हमारी जान बच गई। हमारे साथियों को प्राथमिक उपचार के बाद निजी वाहनों से घर भेज दिया गया।
घायल यात्रियों में राकेश गुप्ता (34) लखनऊ, अनिल श्रीवास्तव (45) लखनऊ, गोविंद कुमार (38) लखनऊ का पैर टूट गया।आदित्य (54) लखनऊ, सच्चिदानंद (45) लखनऊ का हाथ टूट गया है। रवि कुमार (43) सुल्तानपुर, आशुतोष तिवारी (45) लखनऊ)), अरविंद कुमार (45) रायबरेली, राहुल तिवारी (28)भदोही राहुल (38) रायबरेली दुर्गेश (28) लखनऊ आद्य कुमार (52) सुल्तानपुर लल्लन कुमार (37) सुल्तानपुर अतुल शुक्ला (24) बाराबंकी शांति वर्मा (42) कानपुर, प्रेम चंद (59) मनोज कुमार (35) और अभिषेक तिवारी (38) शामिल हैं। इन यात्रियों को प्राथमिक इलाज दिया गया है। सीएचसी अधीक्षक विकल्प मिश्र ने जानकारी दी कि घायलों में से 5 को जिला संयुक्त अस्पताल में रेफर किया गया है, जबकि अन्य सभी का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
