रामपुर: सड़क हादसे में महिला की मौत, तीन बच्चों की ममता छिनी
रामपुर, अमृत विचार: सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव नोगवां निवासी चुन्नी लाल पेशे से मजदूर है। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पाल रहा है। उसकी शादी वर्ष 2011 में पास में रहने वाली बीना (35) से हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय से बीना का मानसिक संतुलन ठीक नहीं चल रहा था। उसका इलाज भी हो रहा था।
परिजनों का कहना है कि गुरुवार को वह बिना बताए अचानक घर से गायब हो गई थी। गुरुवार की देर शाम को परिजनों के पास फोन आया कि हमसफर चौक के पास किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। उसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां शव को देखकर रोना-पीटना शुरू कर दिया था। शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। परिजन शव को लेकर रवाना हो गए हैं।
बीना के तीनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल
बीना की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उसका काफी समय से इलाज चल रहा था। बीना के तीन बच्चे हैं, जिनमें 2 लड़के और 1 लड़की है। सबसे बड़ी लड़की 12 साल की है। तीनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। अब इन तीनों बच्चों की देखभाल कौन करेगा? पूरे दिन घर पर लोगों का तांता लगा रहा।
यह भी पढ़ें- रामपुर: हाईस्कूल व इंटरमीडिएट रिजल्ट से पहले शिक्षामंत्री ने छात्र-छात्राओं को दिया आशीर्वाद
