लखीमपुर खीरी: खेत व शारदा नहर में गोवंश अवशेष मिलने से फैला आक्रोश

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बिजुआ, अमृत विचार। थाना भीरा क्षेत्र के गांव गदियाना के निकट खेत और शारदा नहर में कई गोवंशों के अवशेष मिलने से इलाके में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को जेसीबी की मदद से नहर से बाहर निकलवाया और उसे जमींदोज किया। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
 
गुरुवार की सुबह गांव गदियाना के ग्रामीण खेतों की तरफ गए थे। इस दौरान उन्हें गांव के सीताराम के खेत में कई गोवंशीय पशुओं के अवशेष दिखाई दिए। खून से कुछ जमीन लाल थी। कुछ अवशेष करीब दो सौ मीटर दूर बह रही शारदा नहर में भी देखे गए। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। गौकशी की सूचना मिलते ही लोगों में भारी आक्रोष पनप गया। ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोग हंगामा कर नाराजगी जताने लगे। सूचना पाकर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसओ सुनील मलिक ने उत्तेजित ग्रामीणों को किसी तरह से समझा बुझाकर शांत कराया और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए। पुलिस ने पशु चिकित्सक और जेसीबी बुलवाई। जेसीबी की मदद से शारदा नहर में फेंके गए अवशेषों को बाहर निकाला। पुलिस ने अवशेषों को जमींदोज कर दिया है। पुलिस ने ग्राम प्रधान गदियाना अखिलेश बाजपेई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

थाना भीरा क्षेत्र में गौकशी की घटनाएं पुलिस की लापरवाही के कारण रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक छह दिन पहले भी गौकशी की घटना हुई थी। कसाई गोवंशीय पशुओं के अवशेषों से भरा थैला इसी जगह पर डालकर भाग गए थे। इस घटना की सूचना भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजतन एक बार फिर गोकशी हो गई। लोगों ने पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठाए हैं। एक हफ्ते भर में दो बार हुई घटना के बाद से लोगों में पुलिस के प्रति भी काफी नाराजगी है।

एसओ भीरा सुनील मलिक ने बताया कि मौके से कुछ अवशेष मिले हैं। जिन्हें जमींदोज करा दिया गया है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : घर से टहलने निकले युवक पर चलाई गोली, बाल-बाल बचा

संबंधित समाचार