बाराबंकी : जिले में 15 जून तक बाढ़ संभावित इलाकों में पूरी होंगी सभी परियोजनाएं

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह बोले, बाढ़ जैसी आपदा के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

Jalshakti Minister inspected flood protection works : जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को तहसील रामनगर के बेलहरी और कुसौरा में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित इलाकों में 15 जून तक सभी परियोजनाएं पूरी करनी हैं। मंत्री ने कुसौरा चहलारीघाट एवं गनेशपुर तटबंध में चल रहे कटान बचाव कार्यों की जानकारी बाढ़खंड के एक्सईएन शशिकान्त सिंह से ली। उन्होंने धारा मोड़ने के लिए लगाए जा रहे जियो बैग का निरीक्षण किया।

एक्सीएन ने बताया कि इससे तटबंध सुरक्षित रहेगा और नदी की धारा भी मोड़ी जा सकेगी। स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि चहलारीघाट गनेशपुर तटबंध की कुल लंबाई 54.600 किलोमीटर है। इसमें सीतापुर में 33.500 किलोमीटर और बाराबंकी में 21.100 किलोमीटर क्षेत्र बाढ़ से सुरक्षित हुआ है। इस तटबंध से आस-पास के क्षेत्र में बाढ़ का फैलाव सीमित हुआ है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्षों के बाढ़ अनुभव के आधार पर कार्य योजनाएं तैयार करें।

स्वतंत्र देव सिंह

उन्होंने कहा कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी काम गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। मंत्री ने ग्राम कुसौरा में चल रहे स्पर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर स्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित है। बाढ़ जैसी प्रकृति आपदा के दुष्प्रभावों को न्यूनतम करने के लिए जल शक्ति विभाग प्रतिबद्ध है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। 

लोधेश्वर महादेव में की पूजा अर्चना
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोधेश्वर महादेवा मंदिर में पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित कॉरिडोर के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उनके साथ पूर्व विधायक शरद अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, डॉ विवेक सिंह वर्मा, उपजिलाधिकारी रामनगर विवेकशील यादव, अधिशासी अभियंता बाढ खंड शशिकांत सिंह सहित सभी सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे

सीओ को दोबारा जाच के दिये आदेश
ग्राम गर्री स्थित कुरुक्षेत्र पहुंचे जल शक्ति मंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता रोहित मिश्रा दिलेर के साथ पुलिस द्वारा अभद्रता करने व रात भर थाना बदोसराय में बिठाने के आरोप में पुलिस क्षेत्राधिकार द्वारा मनमानी रिपोर्ट लगाने की शिकायत की गई। जिस पर मंत्री ने मौके पर मौजूद सीओ गरिमा पंत को दोबारा जांच करके कार्यकर्ता को न्याय दिलाने की बात कही।

यह भी पढ़ें:-हैवानियत की हद पार : सात साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, चिल्लाने पर मुंह में बालू डाल गले में ठोंकी कील

संबंधित समाचार