कासगंज: नीलगाय से टकराकर बाइक सवार मां-बेटे हादसे का शिकार...घायल महिला की मौत
कासगंज, अमृत विचार। सिढ़पुरा-अमांपुर मार्ग पर एक बाइक से नीलगाय टकरा गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिढ़पुरा के ग्राम तईपुर निवासी 45 वर्षीय मीरा देवी पत्नी रामकिशन अपने 25 वर्षीय पुत्र आकाश के साथ मिरहची रिश्तेदारी में जा रही थीं। सोमवार की सुबह लगभग 9 बजे जब वह प्याऊ में गोशाला के समीप पहुंचे तभी सड़क पर नीलगाय निकल आई और उसने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मीरा देवी और उसका पुत्र आकाश गंभीर घायल हो गया। हादसे पर राहगीर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दोनों को सिढ़पुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पर डॉक्टर ने मीरा देवी को मृत घोषित कर दिया। जब कि आकाश की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवारजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद नीलगाय की मौत हो गई।
खुशियां 15 दिन में ही बदल गईं मातम में
मृतक महिला मीरा देवी के पुत्र की शादी 15 दिन पूर्व 5 मई को हुई थी। शादी के बाद से परिवार में खुशियां का माहौल था। 15 दिन बाद हुए इस हादसे में मीरा देवी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। खुशियां का माहौल मातम में बदल गया है।
