Bareilly : आवासीय से कम दाम में मिलेगी उद्योगों के लिए जमीन

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बीडीए ने इंडस्ट्रीयल टाउनशिप में 17 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की दरें

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने शहर में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को नई उड़ान देने के लिए इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास की कवायद तेज कर दी है। दिल्ली हाईवे किनारे बसने वाली इस महात्वाकांक्षी परियोजना के लिए तीन किसानों से जमीन खरीदकर भुगतान भी कर दिया गया है। बीडीए ने परियोजना के आय-व्यय की पूरी कार्ययोजना भी तैयार कर ली गई है।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. के अनुसार, रहपुरा जागीर, रसूला चौधरी और भिटौरा नौगवां जैसे क्षेत्रों में करीब 125 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक विकास किया जाएगा। योजना की सबसे खास बात इसकी प्रतिस्पर्धी दरें हैं, जो उद्यमियों को निवेश के लिए आकर्षित कर रही हैं। पीलीभीत रोड पर प्रस्तावित आवासीय भूखंड की कीमत 24 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है, वहीं इंडस्ट्रियल टाउनशिप में उद्यमियों को मात्र 17 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए हाल ही में तीन कंसल्टेंट ने ले-आउट और डीपीआर को लेकर प्रेजेंटेशन दिया है। इसमें बाहरी विकास के लिए 260 करोड़ और आंतरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 215 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्मार्ट सिटी से कम नहीं होगी यह टाउनशिप
बीडीए का दावा कि सुविधाओं के मामले में यह टाउनशिप किसी स्मार्ट सिटी से कम नहीं होगी। यहां उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एसटीपी, ई-चार्जिंग स्टेशन, भूमिगत विद्युतीकरण और सीयूजीएल गैस लाइन नेटवर्क जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा परिसर में ही बैंक, पोस्ट ऑफिस, फायर स्टेशन, मेडिकल सुविधा और श्रमिकों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था भी होगी।

इंडस्ट्रियल टाउनशिप में होंगे पांच श्रेणी के भूखंड
इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 750 वर्ग मीटर के 43, एक हजार वर्गमीटर के 36, दो हजार वर्ग मीटर के 10, पांच हजार वर्ग मीटर और दस हजार वर्ग मीटर के दो-दो भूखंड उपलब्ध होंगे।

संबंधित समाचार