बाराबंकी : आग से लाखों का नुकसान, बची आठ लोगों की जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक किराना गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के ऊपर बने मकान में रह रहे आठ लोग उसमें फंस गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी रामायण गुप्ता के किराना गोदाम में सुबह करीब चार बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। 

आग की भयावहता को देखते हुए गोदाम के ऊपर बने मकान में फंसे महिलाओं और बच्चों समेत कुल आठ लोगों को बचाने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। फायरमैन अभिषेक मणि त्रिपाठी और उनकी टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सीढ़ियों के सहारे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा भारी मात्रा में किराना सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

संबंधित समाचार