कासगंज: 724 करोड़ की सौगात पर लोग गदगद...किया सीएम योगी का दिल से शुक्रिया

कासगंज, अमृत विचार। पुलिस लाइन का उद्घाटन करने आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद को तमाम सौगात दी। 724 करोड़ की 60 परियोजनाओं का मंच से बटन दबाकर लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने कासगंज को विष्णु भगवान का तृतीय अवतार तो संभल में दसवां अवतार बताया। सीएम ने सोरों में विकास और दरियागंज झील और झाल के पुल को पर्यटन केंद्र बनाने की बात कही। साथ सहावर, सोरों, गंजडुंडवारा, पटियाली तक बाईपास सड़क बनाने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार की दोपहर 12 बजे स्थाई पुलिस लाइन में बने मंच पर पहुंचे। जहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए जिले के विकास के लिए तमाम योजनाओं को ऐलान किया। सीएम की इस सौगात पर लोगों ने उनका शुक्रिया अदा किया। वरिष्ठ भाजपा नेत्री अनीता उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के का दिल से धन्यवाद देती हूं, उन्होंने कासगंज को इस लायक समझा और आने वाले समय में हमारे सोरों शूकर क्षेत्र के लिए और भी सौगात देंगे। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा कि सीएम योगी ने कासगंज की जनता के लिए जो विकास के वादे किए हैं, वो जल्द पूरे होंगे, जिले के विकास को पंख लगेंगे। नई नई योजनाओं से हमारे सोरों शूकर क्षेत्र का भी विकास होगा।
भाजपा नेता राहुल मिश्रा ने बताया कि सीएम ने कासगंज में 724 करोड़ रुपए की 60 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है। जिससे जिले का विकास होगा। रोजगार भी बढ़ेगा। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तहेदिल से धन्यवाद करते हैं। महिला नेत्री निरुपम राठी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने 724 करोड़ की सौगात दी है, वह बहुत अच्छी हैं। आज तक पुलिस लाइन में नहीं हुआ था, जैसा उन्होंने किया है। आगे भी हमें उम्मीद है कि सोरों शूकर क्षेत्र के लिए विकास करेंगे। काफी तरक्की करेंगे। वह कासगंज और झाल के पुल के लिए विकास का काम करेंगे।