कासगंज : एक ही रात में छह घरों में चोरी, लाखों का सामान ले गए चोर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया घटना स्थल का मुआयना
अमांपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव सरसेठ और डेगरी गांव में शुक्रवार की रात को चोरों ने छह घरों में चोरी की। चोरों ने अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर हजारों की नगदी, सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए। परिजन घरों की छतों पर सो रहे थे।
बुधवार को आई तेज आंधी-बारिश की वजह से ग्रामीण क्षेत्र की विधुत आपूर्ति तीन दिन से बाधित है। शुक्रवार की रात्रि को गांव डेगरी निवासी अवनीश कुमार पुत्र रूप सिंह लाइट न आने की वजह से परिजनों के साथ छत सोये थे। देर रात इसी का फायदा उठा चोर मेन गेट से घर में दाखिल हुए और आलमारी व बक्से का ताला तोड़कर 29 हजार 500 रूपये नगद और 400 ग्राम की चांदी की कोदनी, 750 ग्राम की तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, 22 ग्राम की दो सोने की चेन, 8 ग्राम की दो सोने की अंगूठी चोर चोरी कर ले गए। वहीं पड़ोस की पुष्पा पत्नी शिशुपाल के घर से चोर 1 हजार रूपये की नगदी, 2 जोड़ी सोने के कुन्डल, चांदी की पाजेब चोरी कर ले गए। तीसरी घटना पड़ोस की रामप्यारी पत्नी नेम सिंह के घर से चोर अलमारी का ताला तोड़कर 5 हजार की नकदी, चांदी की कंदनी, चांदी की पाजेब, सोने का पेन्डल व अंगूठी ले गए।
क्षेत्र के सरसेठ गांव की विनीता देवी पत्नी चरन सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात को चोर उनके घर से 50 हजार की नकदी, दो सोने के टीका, दो जोड़ी सोने के कुन्डल, एक सोने की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठी, चांदी की कोदनी चोरी कर ले गए। वहीं पड़ोस की रेश्मा देवी पत्नी सत्यवीर के घर से चोर 4 हजार रूपये की नगदी, सोने की अंगूठी, टीका, कुन्डल, चांदी की पाइल, चांदी की कोदनी चोरी कर ले गए। वहीं तीसरी घटना गांव के नरेन्द्र पुत्र गंगा साहय के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ितों ने तहरीर पुलिस को दी है।
ये भी पढ़ें - कासगंज : संदिग्ध स्थिति में मिला किशोरी का शव, गले में था साड़ी का फंदा
