लखीमपुर खीरी: तापमान में गिरावट, फिर भी नहीं मिली गर्मी से राहत...उमस से बढ़ेंगी मौसमी बीमारियां 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले में गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान में गिरावट आने के बाद भी उमस कम नहीं हो रही है।ऐसे में लोग गर्मी से परेशान है। हालांकि मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में बादल छाए रहने से लेकर बूंदाबांदी होने की संभावना जता रहे हैं।

पिछले दिनों पड़ी भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालांकि दो तीन दिन से तापमान में गिरावट आने से गर्मी से कुछ राहत मिली है। इससे रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की। हालांकि रविवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप निकल आई। मगर, बाद में बादलों की आवाजाही ने धूप का असर बेअसर कर दिया। इससे लोगों को जहां धूप से राहत मिल गई, लेकिन उमस वाली गर्मी परेशान करती रही। गर्मी से बेहाल लोग दिन भर इससे निजात पाने के लिए तरह तरह के जतन करने में लगे रहे।

जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. शिखर वाजपेयी के मुताबिक उमस वाली गर्मी में खानपान पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि इस दौरान जरा सी लापरवाही सर्दी, जुकाम बुखार से लेकर उल्टी एवं लूज मोशन का शिकार बना सकती है। जिला अस्पताल में इस तरह के मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ रही है। बासी और अत्यधिक मसालेदार भोजन करने से बचें। ठंडे पेय पदार्थ से दूर रहें। तरल पदार्थ का जैसे नींबू पानी, छाछ, आम का पना, फलों का जूस आदि का सेवन करें। ताजा बना हुआ ही भोजन करें। दस्त आदि आने पर ओआरएस का सेवन करें।

 

संबंधित समाचार