लखीमपुर खीरी: शौच को गई महिला की चोटी से गला दबाकर हत्या...रेप की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना मैगलगंज क्षेत्र में सोमवार की देर रात शौच करने खेतों की तरफ गई एक 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ है। उसके गले में चोटी कसी हुई थी। नाक पर गहरी चोट के निशान थे। चेहरा खून से सना हुआ था। पास में भी काफी खून पड़ा था। इससे साफ है कि महिला की पिटाई करने के बाद चोटी से गला कसकर हत्या की गई है। पुलिस मौके पर छानबीन कर रही है।

थाना मैगलगंज क्षेत्र की एक 32 वर्षीय महिला सोमवार की रात करीब 10:30 बजे घर से शौच करने की बात कहकर निकली थी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं पहुंची। परिवार वालों ने उसकी की काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह उसका शव गांव के ही निकट एक गन्ने के खेत में पड़ा बरामद हुआ। उसके नाक और चेहरे पर चोटों के गहरे निशान थे। चेहरा खून से लथपथ। उसके सिर के दूसरी तरफ काफी खून भी पड़ा था। गले में उसके ही बालों की चोटी कसी थी। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। 

लोग कई तरह के कयास लगा रहे हैं। चेहरे और नाक पर गंभीर चोटों के निशान और उसके गले में उसी के बालों की चोटी कसे होने से यह बात तो साफ हो गई है कि किशोरी की हत्या की गई है। लोग दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि महिला को मिर्गी आने की जानकारी हुई है। पुलिस हर पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी।

संबंधित समाचार