पीलीभीत: सपा कार्यालय प्रकरण: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विस्तार से जानकारी जुटाई, राजनीति और गरमाई...
पीलीभीत, अमृत विचार: नगर पालिका के ईओ आवास में संचालित हो रहे समाजवादी पार्टी कार्यालय को खाली कराने को लेकर चल रही जद्दोजहद के बीच राजनीति और गरमा गई है। प्रशासन से छह दिन की मोहलत और मिलने के बाद दूसरे ही दिन मामला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक पहुंच गया है। हाईकमान के ब़ुलावे पर सपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से अखिलेश यादव ने पूरे प्रकरण के बारे में विस्तार से जानकारी की। बताते हैं अब समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से आगामी फैसला हाईकमान के निर्देशानुसार लिया जाएगा। फिलहाल इस मुलाकात के बाद कार्यालय खाली कराने को लेकर चल रही कवायद के बीच मामला गरमाता सा दिख रहा है। यह कहना गलत नहीं होगा कि अभी नगर पालिका प्रशासन की टेंशन कम नहीं हुई है।
बता दें कि नकटादाना चौराहा पर स्थित ईओ आवास में समाजवादी पार्टी का कार्यालय संचालित हो रहा है। अठारह मई को नगर पालिकाध्यक्ष डॉ.आस्था अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की गई। जिसमें ईओ आवास को खाली कराने का आग्रह किया गया था। जिसके बाद शासन स्तर से संज्ञान लिया गया और प्रशासन ने भी कार्रवाई को गति दी। सपा नेताओं की ओर से कोई स्थगन आदेश न दिखाए जाने की बात कही गई और दस जून को संबंधित भवन पर कब्जा लेने का नोटिस चस्पा करा दिया गया था। दस जून मंगलवार को सुबह से ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चार घंटे तक जद़्दोजहद चली। अचानक अफसर बैकफुट पर आए और सपा जिलाध्यक्ष को कार्यालय खाली करने के लिए छह दिन की और मोहलत दे दी गई थी। प्रशासन भले ही इसे लेकर संतुष्ट हो गया लेकिन राजनीति और गरमाने के कयास लगाए जा रहे थे। दूसरे ही दिन कुछ ऐसा प्रतीत होता दिखाई दे गया।
बुधवार को सुबह से ही सपा कार्यालय पर सन्नाटा पसरा रहा तो इसके कई मायने लगाए जाते रहे। मगर, दोपहर बाद जब सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल का पूर्व मुख्यमंत्री सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो खलबली मच गई। दरअसल, जिलाध्यक्ष की अगुवाई में जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्र कट्टर, इम्तियाज अल्वी, अधिवक्ता राशिद मियां कदीरी आदि ने लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी गई। बताते हैं कि अब हाईकमान के निर्देशानुसार आगे सपा नेता अपना निर्णय तय करेंगे। फिलहाल इस मुलाकात के बाद चर्चाओं का बाजार गरमा गया है। बताते हैं कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूरी तरह से आश्वस्त किया है। वहीं, इस मुद्दे को सदन में उठाने की भी तैयारी सपाई खेमे में कर ली गई है।
अफसरों की कार्यशैली का भी लिया इनपुट
सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने बताया कि कार्यालय प्रकरण को लेकर हाईकमान को पहले ही अवगत करा दिया गया था। इसी क्रम में प्रतिनिधि मंडल के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई। उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया गया है। जिसमें कुछ तथ्य नए तथ्य भी निकलकर सामने आए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दस जून को कार्यालय खाली कराने आए अधिकारियों की कार्यशैली के बारे में भी जानकारी की है। साथ ही विधिक बिंदुओं पर भी चर्चा हुई है। हाईकमान जो निर्देश देगा, उसी आधार पर आगे फैसला लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: टेंडर प्रक्रिया में फर्जी अभिलेख का खेल, ईओ बोले: इतनी नहीं कराई जांच..अपने ही बहुत काम
