शाहजहांपुर: साध्वी प्राची के गनर पर हमला करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। साध्वी प्राची के गनर पर हमला करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल गनर का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। साध्वी ने बरेली जाकर गनर का हालचाल लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अफसरों से फाेन पर बात की । पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव पहाड़ीपुर डिबिया निवासी रामरहीस ने बताया कि 21 जून की सुबह उसका भाई झनकार सिंह पर खेत पर जाते समय रास्ते में गांव के रामनिवास ने उसके भाई पर फायर किया था। उसी समय गांव के जगवीर, आकाश, उदयवीर, प्रमोद, विनोद ट्रैक्टर लेकर आए। आरोप है कि उसके भाई झनकार सिंह पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसका भाई घायल हो गया था। झनकार सिंह को मृत समझकर आरोपी ट्रैक्टर लेकर भाग गए थे। 

मामले की रिपोर्ट दर्ज है। परिवार वालों ने घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची को गनर के घायल होने की जानकारी हुई तो उन्होंने बरेली के अस्पताल में जाकर हालचाल लिया। घायल झनकार सिंह साध्वी प्राची के चार साल पहले प्राइवेट गनर थे। रामरहीस ने बताया उनको बताया कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है और आरोपी गांव में खुले आम घूम रहे है। 

साध्वी प्राची ने यहां के पुलिस अधिकारियों से फोन पर आरोपियों के संबंध में बात की। उन्होंने खुदागंज पुलिस से भी फोन पर बात की थी। उप निरीक्षक शिव मोहन ने मंगलवार की सुबह आरोपी उदयवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। टीम में उप निरीक्षक सुमित कुमार आदि थे।

संबंधित समाचार