यूपी ने आज बनाया महारिकॉर्ड, 37 करोड़ पौधे लगाने के अभियान में जुटी पूरी योगी सरकार, बोले सीएम- पौधे नहीं हम भविष्य रोपेंगे...

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य "एक पेड़ मां के नाम" पहल के अंतर्गत एक ही दिन में 37 करोड़ से अधिक पौधे रोपकर नया रिकॉर्ड बनाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, "आज, 9 जुलाई को उत्तर प्रदेश ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।" उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों में 204 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए, जिससे वन क्षेत्र में पांच लाख एकड़ की वृद्धि हुई। इसी कड़ी में आज एक दिन में 37 करोड़ से ज्यादा पौधे रोपने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने अपील की, "आइए, इस अभियान में भागीदार बनकर पर्यावरण संरक्षण के जरिए मां के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।"

सुबह 10 बजे तक सात करोड़ से अधिक पौधे रोपे गए

पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरियाली से आच्छादित करने के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश में पौधारोपण महाअभियान-2025 बुधवार को जोश और उत्साह के साथ शुरू हुआ। सुबह 10 बजे तक राज्यभर में सात करोड़ से अधिक पौधे रोपे जा चुके थे। ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ थीम के तहत एक दिन में 37 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से ही वृक्षारोपण का कार्य शुरू हो गया। नदियों, तालाबों, एक्सप्रेसवे, राजमार्गों के किनारे और पार्कों में चल रहे इस अभियान में युवाओं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह अयोध्या में हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन के बाद दशरथ पथ पर रामपुर हलवारा गांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर पौधा रोपा। वे यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना उनके साथ होंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री आज आजमगढ़ में भी पौधारोपण करेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बाराबंकी में, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ में, और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक लखनऊ में पौधे रोपेंगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना विधानभवन परिसर में वृक्षारोपण करेंगे। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के लिए नर्सरियों और अन्य स्थानों पर 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। सभी मंत्री अपने-अपने जिलों में पौधारकरण में हिस्सा लेंगे। इस महाअभियान के लिए अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान में 26 विभाग और 25 करोड़ नागरिक हिस्सा ले रहे हैं। वन, वन्यजीव और पर्यावरण विभाग मिलकर 14 करोड़ से अधिक पौधे रोपेंगे। जनप्रतिनिधि भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होंगे। इस दौरान अटल वन, एकता वन, एकलव्य वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन और गोपाल वन जैसे विशेष वन स्थापित किए जाएंगे। 13 प्रमुख नदियों सहित सभी नदियों के किनारे 21,313.52 हेक्टेयर क्षेत्र में 3 करोड़ 56 लाख 26 हजार 329 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, सड़कों के किनारे 1.14 करोड़ और एक्सप्रेसवे के किनारे 2.50 लाख पौधे रोपे जाएंगे।

यह भी पढ़ेः गुजरात में हुआ बड़ा हादसा, महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना पुल ढहा, तीन की मौत, कई वाहन भी गिरे 

संबंधित समाचार