पिथौरागढ़ : कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर भारत लौटा पहला दल, लिपुलेख में ITBP जवानों ने किया स्वागत
पिथौरागढ़, अमृत विचार। कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 के प्रथम दल ने शुक्रवार सुबह 9:15 बजे लिपुलेख दर्रे से भारतीय सीमा में प्रवेश किया, जहां आईटीबीपी के जवानों ने यात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इस दल में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 49 श्रद्धालु शामिल थे।
यात्रियों ने बताया कि उनकी यात्रा बेहद सफल और सौभाग्यपूर्ण रही।
उन्होंने कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दिव्य व भव्य दर्शन किए और वहां पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। कठिन मार्ग और ऊंचाई के बावजूद यात्रा के दौरान सभी यात्री उत्साहित और स्वस्थ रहे। श्रद्धालुओं ने भारत सरकार और सुरक्षा बलों द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं और सहयोग के लिए आभार जताया।
आईटीबीपी जवानों की सजगता और सेवा भावना की भी सभी ने सराहना की। यात्रा का अनुभव सभी के लिए अविस्मरणीय रहा।
