कानपुर में लिव-इन-रिलेशन में रह रहे युवक का फंदे से लटका मिला शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर थाना अंतर्गत एक मोहल्ले में तलाकशुदा महिला के साथ लिव-इन-रिलेशन में रह रहे लाखन (24) ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला का कहना है कि लाखन ने कमरे का दरवाजा भीतर से बंदकर फंदा लगा लिया। जबकि, परिजनों का मानना है कि लाखन की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है। उसके शरीर पर कुछ जख्म के निशान भी मिले हैं। हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। 

बर्रा के जरौली फेस-टू निवासी अर्जुन शुक्ला का स्वीट हाउस है। बताया कि बेटा लाखन भी कारोबार में हाथ बंटाता था। करीब छह माह पहले बेटा बर्रा हरदेवनगर की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला के संपर्क में आया। उनके बीच नजदीकियां बढ़ी और लिवइन रिलेशन में रहने लगे। इसके बाद बेटा काम-धंधा से दूर रहने लगा। दो माह से बेटा महिला के साथ रावतपुर ओम चौराहा स्थित हॉस्टल में रह रहा था।

पिता का आरोप है कि महिला का पति दिल्ली में रहता है। वह उसके संपर्क में थी और बेटे से रुपये हड़पने के लिए जाल में फंसाया था। वह बेटे से करीब पांच साल बड़ी है। बुधवार रात रावतपुर पुलिस ने उन्हें बेटे के आत्महत्या करने की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो बेटे के शरीर पर नाखून के खंरोच के कई निशान देखे। जिससे हाथापाई होने की संभावना जताते हुए बेटे की आत्महत्या नहीं हत्या का आरोप लगाया है। वहीं हॉस्टल में रहने वाले पड़ोसियों ने बताया कि कमरे से आवाज आ रही थी। इस पर उन लोगों ने वीडियो बनाते हुए दरवाजा धकियाना शुरू किया तो महिला ने आवाज दी कि चाबी मिल गई है। दरवाजा खोल रहे हैं। अंदर पहुंचे तो युवक का शव बेड पर पड़ा था, गले व पंखे में फंसा कसा था। जिसे काटकर उतारा गया था। उसकी सांसे थम चुकी थीं। सूचना पर पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या के एंगल पर भी पड़ताल हो रही है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। 

दोनों ने देखी थी सैयारा फिल्म : परिजनों के अनुसार हाल ही में लाखन व महिला ने सैयारा फिल्म देखी थी। जिसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। परिजनों ने आशंका जताई कि उसी विवाद के बाद यह घटना सामने आई है।

यह भी पढ़ें:- लखनऊ : निजी गोल्ड फाइनेंस कंपनी पर लाखों की ज्वैलरी और नकदी हड़पने कार आरोप

संबंधित समाचार