मुरादाबाद: सुबह रही उमस, दोपहर को बारिश से सुहाना हुआ मौसम
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में बुधवार को बादल झमाझम बरसे तो उमस से बेहाल शहरवासियों को राहत मिली। दोपहर को बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। दोपहर तक तेज धूप के साथ ही हर कोई उसम से परेशान था। अचानक मौसम ने करवट ली और बदरा घिर आए, जिससे मौसम भी सुहाना हो गया।
शहर में मंगलवार को भी दोपहर में बारिश हुई थी। शाम तक मौसम में ठंडक थी। बुधवार को सुबह तड़के छह बजे तक बारिश हुई। सुबह आठ बजे से जब दिन चढ़ा तो गर्मी के तेवर भी बदल गए। बीच-बीच में बादल छाने से बारिश की उम्मीद थी। दोपहर तीन बजे तेजी के साथ बारिश हुई और लोगों को गर्मी के साथ ही उमस से राहत मिली।
दिल्ली रोड, कांठ रोड से गुजरने वाले कांवड़ियों को बारिश से सबसे ज्यादा राहत मिली। सिविल लाइंस, आशियाना, दीनदयाल नगर, कटघर, लाइनपार, बुद्धि विहार आदि क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक वर्षा हुई। पूरे शहर में एक साथ बारिश होने से मौसम सुहाना हो उठा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश के चलते स्टेशन रोड पर जाम जैसी स्थिति
बारिश के चलते बुधवार को स्टेशन रोड, डबल फाटक और रामपुर रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई। वाहनों की लंबी कतार के चलते पांच मिनट का रास्ता करीब 15 मिनट में तय हो सका। दोपहर को करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे। कांवड़ यात्रा के चलते जगह-जगह रोड पर बैरिकेडिंग के चलते सड़क पर राहगीरों के साथ ही वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से खुद को बचाने के लिए दोपहिया वाहन चालक सड़क किनारे खड़े हो गए थे। कई लोग बारिश में भीगते हुए गुजरते रहे।
