पीलीभीत: मानसिक मंदित को चोर समझकर खंभे से बांधकर पीटा, लापरवाही पर एसओ निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: मानसिक मंदित युवक को चोर समझकर खंभे से बांधकर पिटाई की गई। काफी देर तक हंगामा चला और पुलिस लापरवाह बनी रही। युवक पर हमला करने वालों पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा को सख्त एक्शन लिया गया है। एसपी अभिषेक यादव ने एसओ गजरौला जगदीप मलिक को सस्पेंड कर दिया है। एसपी की कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा रहा।

पिछले कई दिनों से ग्रामीण अंचलों में ड्रोन उड़ने और चोरों की दस्तक का शोर मचा हुआ है। कई स्थानों पर बेगुनाहों की पिटाई कर दी गई। जिसे लेकर पुलिस कई बार जागरूक कर चुकी है। ये भी चेतावनी दी जा चुकी है कि अगर कोई माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। मगर, इसके बावजूद घटनाएं थम नहीं रही है। गुरुवार रात गजरौला थाना क्षेत्र के बिठौराकलां में एक मानसिक मंदित युवक घूम रहा था।  इससे पहले ही सराय गांव के आसपास भी घूमता देखा गया। देर रात तक जब वह बिठौराकलां गांव की गलियों में घूमता रहा तो कुछ लोग जमा हुए और उसे चोर समझकर पिटाई कर दी गई। इतना ही नहीं उसे खंभे से बांधा और बेरहमी से पिटाई करते रहे। कुछ लोग पिटाई करते वक्त का वीडियो बनाकर वायरल करते रहे।

इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाकर अस्पताल भर्ती कराया। मगर, इसके बाद भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। युवक जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम दलालगंज का रहने वाला मानसिक मंदित निकला। इस घटना की सूचना गजरौला पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी नहीं बताई। दूसरे दिन शुक्रवार को पिटाई से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। अधिकारियों के संज्ञान में आते ही गजरौला एसओ जगदीप मलिक पर गाज गिर गई। एसपी ने थाना पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसओ गजरौला को निलंबित कर दिया है।

पिटाई करने वालों पर भी कसा कानूनी शिकंजा
एक तरफ गजरौला एसओ को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मानसिक मंदित युवक को चोर समझकर खंभे से बांधकर मारपीट करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई है। इस मामले में एसपी के निर्देश पर गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान कराने के लिए पुलिस जुटी हुई है। इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा रहा।

बिठौराकलां गांव में एक चोर को ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने की सूचना मिली।जांच में सामने आया कि युवक मानसिक मंदित है और दूसरे स्थान का रहने वाला है। जिन लोगों ने उसकी पिटाई की है, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। लापरवाही पर एसओ गजरौला को निलंबित कर दिया गया है। - अभिषेक यादव, एसपी।

संबंधित समाचार