रामपुर : कोसी नदी का घटा जलस्तर, रामगंगा में उफान

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रामगंगा नदी के आसपास के गांवों के लोगों में दहशत

रामपुर, अमृत विचार: कोसी नदी का जलस्तर घटने लगा है, जबकि रामगंगा नदी उफान पर है। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों के लोगों में दहशत है। हुसैन गंज बांध पर रामगंगा नदी खतरे के निशान को छू कर बह रही है। खतरे का स्तर 196.36 है, जबकि नदी का बहाव 195.60 मीटर है। पीलाखार नदी का भी जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

दढ़ियाल बांध पर कोसी नदी का खतरे का स्तर 209.69 मीटर है जिसके सापेक्ष नदी 207.70 मीटर पर बह रही है। लालपुर वियर पर खतरे का निशान 195.23 मीटर है जिसके सापेक्ष नदी 192.63 मीटर पर बह रही है। रविवार की सुबह 8 बजे लालपुर वियर से 7238 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। केमरी बैराज पीलाखार नदी का जल स्तर भी घट गया है। पीलाखार का खतरे का स्तर 184.29 मीटर है जिसके सापेक्ष नदी 179.52 मीटर पर बह रही है। रामगंगा का जल स्तर बढ़ा हुआ होने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत है। हुसैन गंज में खतरे का निशान 196.36 मीटर पर है जबकि नदी 195.60 मीटर पर बह रही है। गंगापुर भोपतपुर में रामगंगा के खतरे का निशान 170.80 मीटर पर है और नदी 170.45 मीटर पर बह रही है। पहाड़ों पर हो रही बारिश से रामगंगा नदी में उफान है। किसानों में दहशत है उन्हें डर है कि पानी गांवों में न घुस जाए। किसान रात में जाग रहे हैं। खरीफ की फसलें तबाह होने पर उनके सामने आजीविका की समस्या खड़ी हो गई है। अधिकतर किसानों ने अपनी फसलों का बीमा भी नहीं कराया है।

कोसी और पीलाखार नदी का जलस्तर घट गया है। हालांकि रामगंगा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। नदियों में पानी थोड़ा-थोड़ा पानी छोड़ा जा रहा है।  - नवीन कुमार, एक्सईएन, नहर खंड।

संबंधित समाचार