रामपुर: नौकरी लगवाने के नाम पर की 4.74 लाख की ठगी
रामपुर,अमृत विचार। नौकरी लगवाने के नाम पर आगरा के रहने वाले एक युवक ने 4.74 लाख रुपये की ठगी कर ली। कोर्ट के आदेश पर गंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गंज थाना क्षेत्र के सैजनी नानकार निवासी उसमान अली का कहना है कि कुछ समय पहले उसके दोस्त अरसालन के माध्यम से उसकी जान पहचान आगरा के शहीदनगर निवासी समीर खां से एक शादी समारोह में हुई थी। जहां आरोपी समीर खां ने बताया कि अमेजन, फिल्पकार्ट सहित कई कंपनियों में जॉब लगवाने का काम करता है। उसके दोस्तों ने भी नौकरी के लिए कहा था। समीर ने प्रत्येक से 25 हजार रुपये देना तय किया था।
उसके बाद सैयद आसिफ, सैयद आमिर मियां, शफीक, फैजान, फैज खान, आमान खान, अनस खान व वरीशा खां, फायजा नूर, इसमा, तराना, मकसूद, डिफ्जा, फैज मोहम्मद, इमरान अली, फैजान ने मिलकर प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से कुछ 4 लाख 74 हजार रुपये दिए थे। उसके बाद किसी की जॉब नहीं लगी। काफी परेशान हो जाने के बाद एसपी से पीड़ितों ने शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। पीड़ितों ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर गंज पुलिस ने आगरा के रहने वाले समीर खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
