दुनिया से बधाई ! मालदीव, नेपाल समेत सिंगापुर के राष्ट्राध्यक्षों ने भारत को दिया संदेश, जानिए अन्य देशों ने क्या कहा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाशिंगटन/सिंगापुर। भारत के पड़ोसी देशों और वैश्विक साझेदारों ने शुक्रवार को देश को 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। दुनिया के कई देशों के नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें देते हुए भारत के साथ रिश्ते और मजबूत बनाने तथा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना की है। 

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने दी बधाई

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "भारत हमेशा से मालदीव का एक विश्वसनीय विकास साझेदार रहा है।" मुइज्जू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "मैं दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय संबंध और लोगों के बीच संपर्क बढ़ने की सराहना करता हूं। यह हमारे बीच बने मजबूत सहयोग को रेखांकित करता है।"

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दी बधाई 

अमेरिका की ओर से, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत को बधाई व हार्दिक शुभकामनाएं दीं। रुबियो ने एक बयान में कहा कि भारत और अमेरिका "एक साथ काम करते हुए" आज की आधुनिक चुनौतियों का सामना करेंगे और दोनों देशों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने नयी दिल्ली और वाशिंगटन के बीच "ऐतिहासिक संबंधों" को "महत्वपूर्ण व दूरगामी" बताया। 

सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर जोर दिया। बालाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "भारत को 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई। इस हफ्ते हुई मंत्रिस्तरीय मुलाकात ने हमारे संबंधों की मजबूती को रेखांकित किया। हम राजनयिक संबंधों के 60 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।" 

नेपाल के विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेपाल भारत के साथ अपनी दीर्घकालिक व स्थायी साझेदारी को बहुत महत्व देता है। देउबा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "इस स्वतंत्रता दिवस पर, हम भारत के लोगों की निरंतर समृद्धि की कामना करते हैं। भारत लोकतंत्र का एक उज्ज्वल उदाहरण बना रहे और दुनिया भर के देशों को प्रेरित करता रहे।

चीन में भारतीय दूतावासों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस 

चीन में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने शुक्रवार को तिरंगा फहराया। दूतावास ने एक रंगारंग समारोह में 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जिसमें बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद, रावत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्र के नाम संबोधन के अंश पढ़े, जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। ‘एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक’ (एआईआईबी) के उपाध्यक्ष अजय भूषण पांडे सहित भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल हुए। 

शंघाई में, भारतीय महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने दूतावास परिसर में तिरंगा फहराया। वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस कार्यक्रम में शंघाई नगर पालिका और जिआंगसु व झेजियांग प्रांतों में फैले वाणिज्य दूतावास के अधिकार क्षेत्र में रहने वाले 200 से अधिक भारतीय नागरिकों के साथ-साथ विशिष्ट अतिथि, सामुदायिक नेता, स्थानीय चीनी समुदाय के भारत के मित्र और राजनयिक समूह के सदस्य शामिल हुए।

भारत को 79वें स्वतंत्रता दिवस पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने दी बधाई

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ भारत को 79वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई। हमारी दोस्ती का जश्न मनाते हुये शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना करता हूं।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके जवाब में श्री तोबगे का धन्यवाद करते हुये आने वाले समय में दोनों देशों की मित्रता और मजबूत होने की कामना की। 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों ने भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुये याद दिलाया कि उन्हें इस साल फरवरी में श्री मोदी का अपने देश में स्वागत करने का अवसर मिला था। उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदीरी और प्रगाढ़ होने की उम्मीद जतायी। PM मोदी ने जवाब में लिखा कि भारत दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को मूल्यवान मानता है और दोनों देशों के लोगों के हित की खातिर इसे और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम ने दी बधाई 

मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम ने भारत की सरकार और देश के लोगों को बधाई देते हुये लिखा कि यह आजादी, लोकतंत्र और एकता के मूल्यों के जश्न का दिन है, जिसे भारत ने 1947 से बनाये रखा है। भारत और मॉरिशस के बीच संबंध इतिहास, संस्कृति और उस बंधन में निहित जो दोनों देशों के बीच सहयोग, मित्रता और परस्पर सम्मान में निहित है। 

उन्होंने एक्स पर लिखा, “ भारत शांति, समृद्धि और प्रगति के साथ आगे बढ़ता रहे और अपनी मजबूती और विजन से दुनिया का मार्गदर्शन करता रहे।” प्रधानमंत्री ने उनका धन्यवाद करते हुये लिखा कि प्रगति, समृद्धि और दोनों देशों के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की साझा तलाश में मॉरिशस हमेशा भारत का रणनीतिक विश्वसनीय साझेदार बना रहेगा।

 

ये भी पढ़े : 'Baby Shark का गाना कॉपीराइट नहीं है' दक्षिण कोरियाई अदालत ने ख़ारिज की अमेरिकी सिंगर की अर्जी

संबंधित समाचार