लखीमपुर खीरी: शारदा नदी का कहर जारी, एक और मकान ने ली जलसमाधि 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निघासन, अमृत विचार। शारदा नदी का कटान अब विकराल रूप ले चुका है। बीते दस वर्षों में सात गांवों का वजूद मिटाने के बाद नदी ने अब ग्रांट नम्बर 12 को अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया है। यहां का प्राचीन मंदिर और कई पक्के मकान नदी की तेज धार में बह चुके हैं। ग्रामीण बेघर होकर पलायन को मजबूर हैं। शनिवार की रात नदी ने एक और मकान को काटकर अपने आगोश में समा लिया। 

शारदा नदी उफान पर है। वह लगातार कटान कर रही है। दो दिन पहले नदी ने ग्रांट नंबर 12 में स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर को काट कर अपनी धार में समा लिया था। शनिवार की रात कमला देवी का मकान भी नदी की भेंट चढ़ गया। इससे पहले सुमन, राजकुमारी, रामसिंह, संतोष और कमलू, रुमला देवी और कमलेश के मकान धार में बह चुके हैं। कटान से बेघर हुए पीड़ितों ने बताया कि उनके पक्के मकान देखते-ही-देखते नदी की धारा में समा गए। अब वे परिवार सहित अपना सामान सिर पर लादकर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में निकल पड़े हैं। महिलाओं ने बताया कि बरसात शुरू होने के बाद से रातों को भी नींद नहीं आती। नदी का पानी कब घर गिरा दे, इसका डर हमेशा बना रहता है।

सात गांव पहले ही हो चुके हैं तबाह
ग्रामीणों ने बताया कि शारदा नदी बीते 10 वर्षों में श्रीराम पुरवा, हडही पुरवा, महादेव टांडा, महादेव समेत सात गांवों का नामोनिशान मिटा चुकी है। खेत, खलिहान, बाग-बगीचे और घर सभी नदी में समा गए। अब ग्रांट नंबर 12 भी तेज कटान की चपेट में है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने और कटान रोकने की गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सिर्फ बरसात के समय नाव या अस्थायी राहत शिविर का इंतजाम कर दिया जाता है, जबकि स्थायी समाधान आज तक नहीं हुआ।  

स्थानीय लोगों ने शासन से कटान प्रभावितों के पुनर्वास और शारदा नदी पर स्थायी तटबंध निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी अगर कोई कदम नहीं उठाया गया तो दर्जनों परिवार सड़क पर आ जाएंगे और आने वाले वर्षों में गांव का नामो-निशान तक मिट जाएगा। ग्रामीण रामसिंह और रुमला देवी ने कहा कि नेताओं और अधिकारियों ने कई बार दौरा किया, मगर हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। जमीनी स्तर पर न तो कोई तटबंध बना और न ही कटान रोकने की कोई ठोस कार्रवाई हुई।

संबंधित समाचार