UP Monsoon: इस सप्ताह बारिश के आसार कम, बनी रहेगी उमस
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में बीते दिनों स्वतंत्रता दिवस वाले दिन से ही धूप और उमस का दौर है। राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में तेज धूप और इसी बीच उमस का भी एहसास हो रहा है। दरअसल, बारिश रुक जाने की वजह से उमस भी बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार धूप और उमस की यह स्थिति लगभग पूरे राज्य में है। आने वाले दो से तीन दिनों तक बारिश के संभावना नहीं हैं। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।
दरअसल, निरंतर तेज बारिश के बाद उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता में कमी आने से उत्तर प्रदेश में इस सप्ताह कहीं कहीं छिटपुट बारिश को छोड़कर प्रभावी बारिश की संभावना कम है। बारिश में कमी से बढ़ी हुई गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी। बादल छंटने और धूप होने से दिन और रात दोनों वक्त तापमान बढ़ेगा। हालांकि इस दौरान पश्चिमी उप्र. के तराई हिस्सों में कहीं कहीं बादल छाने और बौछार पड़ने की संभावनाएं हैं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बढ़ गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट को पार कर चुका है। ऐसे में प्रदेश में इस सप्ताह के मध्य तक मानसून की सक्रियता का प्रभाव नहीं दिखेगा।
यह भी पढ़ें: UP News: पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे शुभांशु शुक्ला, 25 अगस्त को आएंगे लखनऊ, लोकसभा में होगी विशेष चर्चा
