रामपुर : दबंगों ने चेहल्लुम के मेले में मारपीट की, लहराया तमंचा
रामपुर,अमृत विचार। मामला कोतवाली के गांव हकीमगंज में लगने वाले चेहल्लुम के मेले का है। गांव निवासी उमेश ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह मेला देखने गया था। इसी दौरान केशोनगली का मझरा गडरियो वाला निवासी रिंकू, गुरबाज सिंह, प्रिंस, गौरव और विशाल भी मेले में पहुंचे।
भीड़ भाड़ के बीच कंधा टकराने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने और उसके साथी जसीम ने गाली देने से मना किया तो रिंकू ने अपनी कमर की अंटी से तमंचा निकालकर हमला करने की कोशिश की। गुरबाज, प्रिंस और गौरव ने लात-घूंसों व थप्पड़ों से पिटाई शुरू कर दी। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण आ गए और रिंकू को पकड़ लिया।
उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया। अन्य आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी रिंकू को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे कोर्ट ने जेल भेजा है। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का चालान किया है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
