दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को मिलेगी Z सिक्योरिटी: हमले के बाद बढ़ायी जाएगी सुरक्षा, जानिए कितने जवान रहते है तैनात?

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास के बाहर अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। सिविल लाइंस स्थित उनके कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान उन पर हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा में बड़े बदलाव किए जाएंगे। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में निर्णय यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और मुख्यमंत्री तथा जनता के बीच बातचीत के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत किया जाए। 

पुलिस सूत्र ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ताओं को ‘जन सुनवाई’ सत्र के दौरान सीधे मुख्यमंत्री से संपर्क करने की अनुमति नहीं होगी। गुप्ता के समक्ष रखी जाने वाली प्रत्येक शिकायत का पहले सत्यापन किया जाएगा। यह सुनिश्चित करने के लिए एक तय परिधि भी बनाई जाएगी कि आगंतुक उनके करीब न आ सकें।’’ 

गुजरात के सकारिया राजेशभाई खिमजीभाई (41) नामक एक व्यक्ति ने ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर मुख्यमंत्री के बाल खींचे और उन पर हमला कर दिया था। आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में, उस पर हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि संशोधित सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू कर दिया जाएगा और यह मुख्यमंत्री कार्यालय में भविष्य में होने वाली सभी जन सुनवाईयों पर लागू रहेगा। 

केंद्र ने दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा 

केंद्र सरकार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद उन्हें ‘Z’ श्रेणी की ‘VIP’ सुरक्षा प्रदान की है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गुप्ता और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा विशिष्ट व्यक्तियों को दी जाने वाली अर्द्धसैनिक बल के VIP सुरक्षा समूह (VSG) द्वारा की जाएगी, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस पार्टी के गांधी परिवार को भी सुरक्षा प्रदान करता है। 

सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। उन्होंने बताया कि 22 से 25 सशस्त्र कमांडो की एक टीम 24 घंटे मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहेगी। गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस इलाके में उनके कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। उनके कार्यालय ने इस हमले को ‘‘उनकी हत्या की एक सुनियोजित साजिश’’ का हिस्सा बताया है।

ये भी पढ़े: गंभीर शारीरिक चोट फिर भी.. कपिल मिश्रा का बड़ा बयान, 'सुनियोजित था मुख्यमंत्री पर हमला'

 

संबंधित समाचार