गंभीर शारीरिक चोट फिर भी.. कपिल मिश्रा का बड़ा बयान, 'सुनियोजित था मुख्यमंत्री पर हमला'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गंभीर शारीरिक चोट आई है और हमले के बाद वह ‘‘घबरायी’’ हुई हैं, लेकिन अपने आवास से काम कर रही हैं। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला एक ‘‘सुनियोजित साजिश’’ के तहत ‘‘सुनियोजित तरीके’’ से अंजाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी एक ‘‘पेशेवर अपराधी’’ है जिसका गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। 

मिश्रा ने बुधवार सुबह गुप्ता से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद, मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री को गंभीर शारीरिक चोटें आई हैं और उन्हें आराम की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह बुधवार से अपने आवास से ही काम कर रही हैं। मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह पूरी सक्रियता से काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें आराम की जरूरत है। उनकी शारीरिक चोटें गंभीर हैं और वह सदमे में हैं।’’ 

मंत्री ने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और तस्करी सहित नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था। आरोपी ने उनके आवास की रेकी की थी और उसके फोन से मिले दो वीडियो इस बात को साबित करते हैं।’’ मुख्यमंत्री पर बुधवार को उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ था। 

आरोपी को 5 दिन की पुलिस हिरासत 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को सिविल लाइंस स्थित उनके कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला करने के आरोपी व्यक्ति को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अदालत के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आरोपी सकारिया राजेशभाई खिमजीभाई (41) को देर रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। 

उन्होंने बताया कि आरोपी को तीस हजारी अदालत परिसर में किसी भी मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया। पुलिस ने राजकोट (गुजरात) निवासी आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। उस पर कथित तौर पर हमला करने और लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने का भी मामला दर्ज किया गया है। 

गुप्ता पर बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे उनके कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। उनके कार्यालय ने इस हमले को ‘‘मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश’’ का हिस्सा बताया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की चिकित्सकों ने जांच की और बाद में उनकी एमएलसी (मेडिको लीगल केस) जांच की गई। सूत्रों ने बताया कि खिमजीभाई दो दिन पहले दिल्ली आया था और उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस में रुका हुआ था। 

ये भी पढ़े : दिल्ली के स्कूलों को आज फिर से मिली बम की धमकी, स्कूल परिसर पहुंचे पुलिस दल, बम निरोधक दस्ते

 

 

संबंधित समाचार