Bareilly : ई-चालान के लिंक पर किया क्लिक तो व्हाट्सएप हो जाएगा हैक
बरेली, अमृत विचार। व्हाट्सएप पर ई-चालान चालान से जुड़े लिंक आएं तो सावधान रहें, क्योंकि आपको फोन और व्हाट्सएप हैक हो सकता है। साइबर ठग इस तरह के लिंक भेज रहे हैं। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर आरटीओ ने सभी से लोगों से कहा कि आरटीओ से जुडे़ किसी अंजान लिंक पर क्लिक न करें। विभाग की तरफ से ऐसा कोई लिंक नहीं भेजा जा रहा है।
ठगों की ओर से जो लिंक (एपीके फाइल) भेजा जा रहा है उसे ओपन करने पर व्हाट्सएप हैक होने के साथ ही मोबाइल में सेव फोन नंबर वाले व्हाट्सएप पर भी लिंक पहुंच रहा है। संजय नगर के संजीव मेहरोत्रा ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर आरटीओ चालान लिखा एक लिंक आया, जिसे खोलने पर उसके अंदर एक एपीके फाइल का आइकन नजर आया। इसे खोलने पर उनका व्हाट्सएप बंद हो गया। इसके तुरंत बाद फोन में ओटीपी आने शुरू हो गए।
लेकिन सूझबूझ के चलते वह ठगी का शिकार नहीं हुए। इसी तरह कुछ दिन पहने ग्रीन पार्क के शिक्षक मुनेंद्र के साथ हुआ। उनके फोन पर भी ऐसा ही लिंक आया है। चूंकि उन्हें इस तरह के फ्राड की जानकारी पहले ही मिल चुकी थी। इसलिए लिंक में भेजी गई एपीके फाइल को नहीं खोला था। आरटीओ प्रवर्तन प्रणब झा ने बताया कि विभाग की तरफ से इस तरह का कोई लिंक लोगों को नहीं भेजा जा रहा है। ई-चालान से जुड़ी जानकारी Parivahan.gov.in या परिवहन एप पर भी मिल सकती हैं।
