KGMU के गांधी वार्ड में पानी के लिए तरसे मरीज-तीमारदार, मोटर खराब होने से ठप हुई आपूर्ति

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : केजीएमयू के गांधी वार्ड में रविवार सुबह पानी की आपूर्ति ठप होने से मरीज और तीमारदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। पीने के पानी से लेकर शौचालय और बाथरूम तक में पानी नहीं आया। लोगों ने इसका विरोध भी जताया, जिसके बाद केजीएमयू प्रशासन सक्रिय हुआ और खराब मोटर सही करवाया।

केजीएमयू के गांधी वार्ड में मेडिसिन विभाग के मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। यहां रविवार सुबह से पानी का संकट गहरा गया। मरीज और तीमारदार पानी के लिए तरस गए। कई तीमारदारों ने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से पानी की किल्लत की शिकायत की। इसके बावजूद दोपहर एक बजे तक पानी का संकट दूर नहीं हो सका। शौचालय और बाथरूम तक में पानी न आने से मरीजों को शौच, नहाने की परेशानी उठानी पड़ी। तीमारदार को भी दुश्वारियां झेलनी पड़ी। दूसरे तल पर तो सुबह 10 बजे वॉटर कूलर भी खाली हो गए। नतीजतन तीमारदारों को बाजार से पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ी। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि सुबह मोटर में खराबी आई थी। जानकारी होने पर उसे जल्द ही सही करवा लिया गया था। अब पानी की आपूर्ति हर तल पर सभी जगह पर निर्बाध रूप से हो रही है। किसी मरीज और तीमारदार को परेशानी नहीं उठानी पड़ रही है।

यह भी पढ़ेंः बुलंदशहर में भीषण सड़क दुर्घटना, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कैंटर की भिड़ंत में 8 की मौत, 43 घायल

संबंधित समाचार