बाराबंकी: एंटी रोमियो स्क्वाड बोली... ऐ हीरो रुक, छात्र ने पूछा क्या मैं कोई आवारा लग रहा हूं, वीडियो बनाकर किया वायरल
बाराबंकी। शोहदों पर अंकुश लगाने को बनाई एंटी रोमियो स्क्वाड को लेकर एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक छात्र नें बनाकर वायरल किया है। वीडियो में छात्र बोलता दिख रहा है कि वह कॉलेज में एडमिशन कराने आया था। उसने टीम पर आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या वह उनको कोई आवारा दिख रहा है। जो उससे पुलिसकर्मियों ने इस तरह से बात की।
मामला बाराबंकी में लोनीकटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिवेदीगंज के मंगलपुर चौराहे के पास का है। जहां एंटी रोमियो स्क्वाड के विवेक यादव, ममता राजपूत और रुचि वर्मा खड़े होकर जांच पड़ताल कर रहे थे। इसी बीच एक छात्र उधर से निकल रहा था। छात्र का आरोप है कि स्क्वाड के विवेक यादव ने उससे बोला ऐ हीरो रुक। उन्होंने उसे रोक लिया और तीनों लोग उसकी फोटो खींचने लगे।
छात्र का आरोप है कि इस बात से आहत होकर उसने मोबाइल निकालकर स्क्वायड का वीडियो बनाया। वीडियो में छात्र तीनों पुलिसकर्मियों से पूछ रहा है कि क्या वह उन लोगों आवारा दिख रहा है। क्या वह संदिग्ध लग रहा है। क्या उनसे कोई गलत हरकत की। क्या उसने किसी को छेड़ा।
पुलिसकर्मी वीडियो में बोल रहे हैं कि वह लोग वहां छात्राओं की सुरक्षा के लिये खड़े हैं। यहां से छात्राएं निकलती हैं। इसपर छात्र ने जवाब दिया कि वह छात्राएं उसकी बहनों की तरह है। वह खुद भी छात्र है। उसके साथ पुलिस का इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिये। क्या वह कोई अपराधी है। छात्र ने इस पूरे छटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
