Moradabad : नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक ने साथी को गला रेतकर उतारा मौत के घाट
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रामगंगा बिहार केसरी कुंज कॉलोनी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपने ही साथी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई और उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र को कॉलोनी से हटाने की मांग की।
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि हत्या आरोपी भानु प्रताप सिंह जिला अमरोहा का रहने वाला है और पिछले आठ महीने से उक्त नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। जबकि मृतक अरुण पटेल बरेली का रहने वाला था, जिसे 13 अगस्त को केंद्र में भर्ती किया गया था। मंगलवार को ही भानु प्रताप के पिता सत्यवीर सिंह मुलाकात करने आए थे और दवाइयां देकर लौट गए थे। रात लगभग 9 बजे भानु प्रताप ने अरुण पटेल को कमरे में बुलाया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
इसके बाद खिड़की का शीशा तोड़कर उसी से अरुण पटेल का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है, वहीं आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। कॉलोनीवासियों ने नशा मुक्ति केंद्र की गतिविधियों से लगातार हो रही परेशानियों का हवाला देते हुए प्रशासन से मांग की है कि केंद्र को कॉलोनी से हटाया जाए।
