लखीमपुर खीरी : ऑपरेशन में लापरवाही...पुलिस के आश्वासन पर किया महिला का अंतिम संस्कार
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। रामापुर के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद नकहा कस्बा निवासी महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम के बाद घर लाए गए शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह से समझा बुझाकर शांत कराया। तब जाकर अंतिम संस्कार हो सका।
नकहा निवासी मिलन की पत्नी पीताम्बरी के पेट में दर्द होने की शिकायत के बाद उसका 14 अगस्त को अल्ट्रासाउंड कराया था। पीताम्बरी डेढ़ महीने के गर्भ से थी, लेकिन बच्चा असुरक्षित होने के चलते चिकित्सक ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी। पति मिलन के मुताबिक वह 15 अगस्त को पीताम्बरी को जिला महिला अस्पताल लेकर गया, लेकिन चिकित्सक न होने से उसे रामापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां 15 अगस्त को चिकित्सकों ने ऑपरेशन करते हुए 23,500 रुपये ऐंठ लिए। 16 अगस्त को हालत बिगड़ने पर हाथ खड़े कर दिए। परिवार वालों ने पीतांबरी को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां भी उससे 32 हजार रुपये जमा कराए।
आरोप है कि वहां भी पीताम्बरी का इलाज नहीं हुआ। महिला की हालत बिगड़ने के साथ ही रुपयों की व्यवस्था न होने के चलते उसे डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां कुछ दिन इलाज चला, लेकिन रुपयों के अभाव में उसे डिस्चार्ज कराकर घर ले आया। मिलन के अनुसार मंगलवार सुबह पीताम्बरी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद कार्रवाई की मांग को लेकर पति अन्य परिवार वालों के साथ शव लेकर डीएम कार्यालय पहुंचा। डीएम ने सीएमओ को जांच और कार्रवाई करने का आदेश दिया।
परिजनों ने बुधवार को शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ निराला तिवारी मौके पर पहुंचे। समझा बुझाकर किसी तरह से परिवार वालों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजन शांत हुए। एसओ निराला तिवारी ने बताया कि जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
