बदायूं : मुकदमाबादी के चलते की थी युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

उघैती, अमृत विचार। चारा काटने के दौरान खेत पर एक युवक के दोनों हाथ तोड़े और पैर में गोली मार दी गई थी। इलाज के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज में युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि प्रधान और दूसरे पक्ष में लगातार हो रही मुकदमाबाजी की वजह से उन्होंने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा। बाकी के चार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

थाना उघैती क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर पीपरी निवासी सुरेश उर्फ नन्नुकी (47) पुत्र नारायन सिंह दो सितंबर को मंदिर पर पूजा करने के बाद पशुओं के लिए चारा काटने खेत पर गए थे। चारा काटने के दौरान सुबह सात बजे कुछ लोग खेत पर पहुंचे और सुरेश के साथ मारपीट की थी। दोनों हाथ तोड़ दिए थे। जिसके बाद सुरेश के पैर में गोली मार दी थी। मारपीट की सूचना पर सुरेश के भाई शंकर सिंह गांव के अरुण के साथ खेत पर पहुंचे थे। हमलावर हवाई फायर करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कुछ समय के बाद पुलिस पहुंची थी। सुरेश का वीडियो बनाया था। जिसमें उन्होंने चार लोगों पर मारपीट करने और गोली मारने का आरोप लगाया था।

घायल ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया था। शंकर सिंह की हत्या करने और षड्यंत्र रचने संबंधी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सतीश चंद्र उर्फ हप्पू, निखिल, सगुन, महेश चौधरी, रोबिन, आर्येंद्र और ब्रजपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने तीन आरोपी रोबिन, निखिल और आर्येंद्र को बिसौली-सहसवान मार्ग पर गांव स्वरूपपुर के पास नरैनी चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उनसे घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद हुए। 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ग्राम प्रधान और दूसरे पक्ष के बीच विवाद चल रहा है। दोनों तरफ से एक-दूसरे पर 14 मुकदमा भी दर्ज हैं। जिसकी वजह से उन्होंने सुरेश को मारा था। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार, निरीक्षक अपराध राजवीर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिभान सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबिल विपिन कुमार, अरविंद, सुशील कुमार व आशीष कुमार रहे।

संबंधित समाचार