UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 के कुल 20 सफल उम्मीदवारों को मिला यूपी कैडर, IAS अनामिका सिंह ने मांगा VRS
लखनऊ, अमृत विचार: केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 की कैडर आवंटन सूची में उत्तर प्रदेश की नौकरशाही का वजन बढ़ा नजर आ रहा है। इस वर्ष कुल 20 सफल उम्मीदवारों को यूपी कैडर मिला है। इनमें कई ऐसे नाम शामिल हैं, जो राज्य के बाहर से आते हैं। ऐसे में संदेश यह जाता कि यूपी प्रशासन में नए और प्रतिभाशाली अधिकारियों का बड़ा समूह शामिल होने जा रहा है।
रोचक तथ्य यह है कि यूपी कैडर पाने वालों में हरियाणा, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, राजस्थान और तमिलनाडु सहित कई राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं।
टॉपर शक्ति दुबे को मिला होम कैडर यूपी
यूपीएससी 2024 के ऑल इंडिया टॉपर शक्ति दुबे को उनका होम कैडर उत्तर प्रदेश मिला है। इस क्रम में अलग-अलग राज्यों से यूपी कैडर पाने वाले सभी नाम इस तरह हैं- शक्ति दुबे (टॉपर), कोमल पुनिया, मयंक त्रिपाठी, आदित्य विक्रम अग्रवाल (हरियाणा), हेमंत (बिहार), संस्कृति त्रिवेदी (बिहार), रिया सैनी (महाराष्ट्र), शिवांश सुभाष जागड़े (महाराष्ट्र), शिवम सिंह (यूपी), सनोली गौतम (उत्तराखंड), सिद्धार्थ सिंह (यूपी), श्वेता (यूपी), रेखा सियक (राजस्थान), आयुष जायसवाल, अपूर्वा सिंह, आयुष सैनी, मुकुल खंडेलवाल, थंगैयारासन टी (तमिलनाडु), संदीप कुमार और राम भरोसे सरन भी शामिल हैं।
आइएएस अफसर अनामिका सिंह ने मांगा वीआरएस
उत्तर प्रदेश में कार्यरत आईएएस अनामिका सिंह ने निजी कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया है। फतेहपुर की रहने वाली अनामिका वर्तमान में खाद्य आयुक्त के पद पर हैं। वह 2004 बैच की अधिकारी हैं और उनकी सेवाएं 2038 तक हैं।कुछ समय पूर्व उन्होंने केंद्र में जाने के लिए भी राज्य सरकार से एनओसी मांगी थी। सितंबर के महीने में ही उन्हें बरेली मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह बरेली में सीडीओ के पद पर भी रह चुकी हैं।
