Bareilly: प्रदेश में अयोध्या के बाद बरेली की सबसे ठंडी रही रात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली में ठंड लगातार बढ़ रही है। अब हल्के कोहरा छाने के साथ धूप का असर भी कम होना शुरू हो गया है। रात के साथ दिन का तापमान भी प्रदेश में अन्य जिलों की अपेक्षा काफी कम रह रहा है। प्रदेश में सोमवार को अयोध्या के बाद बरेली की सबसे ठंडी रात रहीं। वहीं दिन भी बलिया के बाद बरेली में ही सबसे ठंडा रहा।

जिले का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में पिछले कई दिनों से न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस कम 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। वहीं अधिकतम तापमान भी 21 से 23 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सोमवार को अयोध्या के न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस के बाद बरेली का ही सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। 

वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो बलिया के 22 डिग्री के बाद सबसे कम बरेली का ही रहा। जिले में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा और उसके बाद धूप खिल गई लेकिन दिन में कई बार धूप अचानक गायब हो गई। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। मंगलवार के बाद बादल छटने की संभावना हैं। इसके बाद आसमान साफ होने के आसार हैं।

यातायात पर असर, सतर्कता की अपील
सुबह के समय कोहरा और धुंध के चलते हाईवे और मुख्य मार्गों पर दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से लोगों को सुबह यात्रा के दौरान हेडलाइट के साथ धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

संबंधित समाचार