हाल-ए-ऐशबाग स्टेशन...ऑटो जाने नहीं देंगे, टिकट लेने भागे तो कुत्ते दौड़ा लेंगे
वीरेंद्र पांडेय/लखनऊ, अमृत विचार : ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। प्रवेश द्वार पर ही आपका सामना सबसे पहले ऑटो, ई-रिक्शा के झुंड से होगा। एंट्री गेट के बगल में सीढ़ियों के इर्द-गिर्द ऑटो खड़े दिखेंगे। चालक सवारी को घेरे नजर आएंगे। किसी तरह जिग-जैग स्टाइल से सामान लेकर इधर-उधर फांदते सीढ़ियां लांघते टिकट काउंटर पर पहुंचेंगे तो वहां झुंड में भोजन तलाशते आवारा कुत्तों से सामना होगा।
10.jpg)
इन सबसे बचते-बचाते टिकट जुटा प्लेटफार्म पर पहुंचेंगे तो आवारा पशु धमा-चौकड़ी करते दिखेंगे। स्टेशन पर जांच तक की पुख्ता व्यवस्था नहीं है। कुछ समय पहले ही इस स्टेशन का विकास किया गया है, लेकिन हालातों की तस्वीर विकास कम बदहाली ज्यादा दर्शाती नजर आती है।
पहले प्लेटफार्म पर ही टॉयलेट की व्यवस्था नहीं
11.jpg)
हाल यह है कि एक नंबर प्लेटफार्म पर टॉयलेट तक की सुविधा नहीं है। प्लेटफार्म पर कुछ जगहों पर पंखे तक नजर नहीं आएंगे, जिसके चलते लोगों को गर्मी से दो चार होना पड़ता है, आज के दौर में भी हाथ के पंखे यात्री यहां अपने साथ लेकर चलते हैं। वहां मौजूद एक वेंडर ने बताया कि टॉयलेट जाना है तो प्लेटफार्म नंबर दो पर जाइए। इस प्लेटफार्म पर शौचालय नहीं बना है। हालांकि प्लेटफार्म पर साफ-सफाई चाक चौबंद दिखाई पड़ी।
एक और छह नंबर प्लेटफार्म पर भागते यात्रियों के साथ कुत्ते लगाते हैं रेस
11.jpg)
6 नंबर प्लेटफार्म की तरफ बने एंट्री गेट के अंदर प्रवेश करते ही टिकट काउंटर बना हुआ है, वहीं बगल में यात्रियों के लिए बैठने की जगह है। कुत्ते भी यहीं पर आराम करते दिखेंगे। यात्री भी उनसे बचते-बचाते अपने मंजिल की तरफ बढ़ जाते हैं। यह हाल केवल इसी गेट का नहीं बल्कि गेट नंबर एक का भी है। यहां तो प्लेटफार्म पर यात्रियों के बीच गाड़ी पकड़ने की जल्दी में कुत्ते उनके साथ रेस लगाते दिख जाएंगे।
रविवार को सुरक्षा की भी छुट्टी
14.jpg)
समय करीब 1: 30 बजे। 6 नंबर प्लेटफार्म पर ट्रेन खड़ी थी, लोग गेट से प्लेटफार्म की ओर जा रहे थे, लेकिन इस दौरान वहां पर जांच और सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आये। इतना ही नहीं गेट पर मेटल डिटेक्टर भी कहीं दिखाई नहीं पड़ा। यही हाल गेट नंबर एक का भी था, वहां पर भी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, हालांकि इस दौरान वहां टिकट देने वाले एक कर्मचारी ने अमृत विचार की टीम से बातचीत कर स्टेशन पर आने की जानकारी ली, साथ ही यह भी बताया कि आज रविवार है, इसलिए स्टेशन अधीक्षक अवकाश पर हैं। कर्मचारी ने अपना नाम श्याम बिहारी बताया है।
ई-रिक्शा का जमावड़ा, यात्रियों के लिए असुविधाजनक
11.jpg)
गेट नंबर एक और प्लेटफार्म नंबर 6 की तरफ बने गेट पर ई-रिक्शा का जमावड़ा रहता है। प्लेटफार्म नंबर 6 की तरफ बने गेट के बगल में फुट ओवर ब्रिज पर जाने के लिए सीढ़ियां भी बनी हैं, जो सीधे सड़क से लगी हुई हैं। सीढ़ियों के सामने ही आकर ई-रिक्शा रुकते हैं और वहीं खड़े रहते हैं। जिससे लोगों को आने जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़े :
युवाओं के पास करोड़पति बनने का मौका, UPITM से Entrepreneurs को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
