Bareilly : दिशा पाटनी के पिता से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की बात, दिलाया सुरक्षा का भरोसा
बरेली, अमृत विचार। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग की घटना को चार दिन बीत चुके हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में दिल्ली और राजस्थान में डेरा डाले हुए है। इस बीच दिशा के पिता से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बात की और उनको सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
दिशा पाटनी के पिता जगदीश सिंह पाटनी ने एक वीडियो बयान जारी करके बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोन उनके पास आया था। उन्होंने पूरे परिवार को सांत्वना दी है, विशेष रूप से कहा कि पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने दी जाएगी। उधर सीएम से बात करने के बाद सुरक्षा के प्रति उनका भरोसा मजबूत हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा किया।
दरअसल सिविल लाइंस चौपुला स्थित मकान नंबर 240 निवासी जगदीश सिंह पाटनी के घर पर 11 सितंबर को सुबह 4:33 से 4:35 बजे बाइक सवार दो बदमाश फायरिंग कर फरार हुए थे। जिसके बाद सामने आया आया था कि कुख्यात गैंगस्टरों के इशारे पर फायरिंग की गई थी। फायरिंग की जिम्मेदारी पुर्तगाल में बैठे गैंगस्टर ने फेसबुक पर पोस्ट कर ली थी। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने कमान खुद संभाल रखी है।
फायरिंग कर भागे बदमाश भोजीपुरा टोल प्लाजा पर दिखाई दिए, मगर देवरनियां और बहेड़ी के बीच गायब हो गए। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि फायरिंग करने वाले बदमाश हो सकता है अभी जिले में ही कही छुपे हुए हों। उनकी तलाश में लगातार टीमें दबिश दे रही हैं। एसएसपी के निर्देश पर एक टीम को दिल्ली तो एक टीम को राजस्थान में बदमाशों की तलाश के लिए भेजा गया है।
