Bareilly : मुंबई लौटीं दिशा पाटनी की बढ़ाई सुरक्षा, पुलिस ने खंलागे ढाई हजार सीसीटीवी
बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के मामले में सुदर्शन पोर्टल के माध्यम से पुलिस ने 33 सोशल मीडिया अकाउंट को चिन्हित किया है। इनमें जो सबसे ज्यादा संदेहास्पद हैं पुलिस उसकी कुंडली खंगाल रही है। पुलिस अब तक 25 सौ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली चुकी है। इसके आधार पर एसएसपी ने सभी अपाचे बाइकों का विवरण आरटीओ से मांगा है।
इसके जरिये पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल बाइक के मालिक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उधर, फायरिंग की घटना के बाद दिशा पाटनी विदेश से सोमवार शाम मुंबई पहुंची। एसएसपी अनुराग आर्य ने मुंबई के ज्वाइंट कमिश्नर से वार्ता करके घटना से अवगत कराते हुए सुरक्षा बढ़वा दी है। इस बीच, पुलिस की एक टीम राजस्थान तो दूसरी दिल्ली में डेरा डाले हुए है।
फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के सेवानिवृत्त पुलिस क्षेत्राधिकारी पिता जगदीश पाटनी के सिविल लाइंस चौपला स्थित घर पर अपाचे बाइक सवार दो हमलावरों ने 11 सितंबर को तड़के करीब 3:33 से 3:35 बजे के बीच फायरिंग की गई थी। फायरिंग के समय घर में दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी, मां पद्मा पाटनी और बहन पूर्व मेजर खुशबू पाटनी के साथ ही चचेरा भाई भी मौजूद था। इसके बाद अगले दिन भोर में करीब करीब 3:30 बजे उनका पालतू कुत्ता अचानक भौंकने लगा। कुत्ते की आवाज सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई। दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने बताया कि पहले दिन की वारदात से वह लोग सजग थे। वह जैसे ही बालकनी में आए बाइक सवार बदमाशों ने ब्रस्ट फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। फायरिंग की सूचना पर आला पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए थे और हमलावरों की तलाश में एसटीएफ समेत छह टीमें लगाई गई हैं।
एसएसपी ने एसपी क्राइम को गांडीव पोर्टल और त्रिनेत्र के जरिये बदमाशों के हुलिये के अनुसार उन्हें चिन्हित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही सुदर्शन पोर्टल के जरिये दिशा पाटनी समेत उनके परिवार से संबंधित कितने पोस्ट या कमेंट सोशल मीडिया पर किए गए हैं। उनका भी ब्योरा पुलिस ने जुटा लिया है। पुलिस को इनमें 33 सबसे अधिक संदेह के घेरे में आने वाले अकाउंट मिले हैं। इनकी जानकारी जुटाई जा रही है। इन 33 खातों में ज्यादातर राजस्थान, मध्यप्रदेश और यूपी के हैं। उधर जगदीश पाटनी ने बताया कि दिशा पाटनी सोमवार को वापस मुंबई आ गई। इस पर एसएसपी ने वहां के ज्वाइंट सीपी से वार्ता कर उनको घटना क्रम से अवगत कराते हुए उनकी सुरक्षा बढ़वा दी है।
राजस्थान से जुड़ा पूरा नेटवर्क, वहीं का युवक बना था डिलीवरी ब्वाय
पाटनी परिवार पर हमला करने वाले गिरोह का पूरा नेटवर्क राजस्थान से लगातार जुड़ता जा रहा है। इतना ही नहीं पुलिस के अनुसार दिशा पाटनी की मां को डिलीवरी ब्वाय बनकर फोन करने वाला युवक भी राजस्थान का निकला। लोकल पुलिस के माध्यम से बरेली पुलिस उस तक पहुंची तो वह मंदबुद्धि का युवक था। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ कर उसे छोड़ दिया। जांच में सामने आया कि वह युवक दिन भर में मौज-मस्ती के लिए 30 से 40 लोगों को रेंडमली कॉल कर परेशान करता रहता है। राजस्थान कनेक्शन इस लिए भी बन रहा है कि जो 33 सोशल मीडिया अकाउंट अति सन्देहास्पद मिले हैं। उनमें भी ज्यादातर राजस्थान के ही हैं। पुलिस इन अकाउंट के आईपी एड्रेस निकलवा रही है। इसके बाद सटीक जानकारी हासिल हो सकेगी।
जिले के सभी टोल प्लाजा का 48 घंटे का लिया डाटा
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जनपद के सभी टोल प्लाजा का वारदात से पहले और बाद का करीब 48 घंटे का डाटा लिया गया है। डाटा के जरिये से बदमाशों की अपाचे बाइक समेत अन्य पहलुओं का मिलान करके जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही आरटीओ से अपाचे बाइकों का विवरण लेकर आईसीसीसी के कैमरों के फुटेज के जरिये बाइकों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। पुलिस टीम ने अभी तक 25सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज इकट्ठा कर ली है। साथ ही राजस्थान और दिल्ली के रास्तों पर पड़ने वाले सभी टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मंगाई जा रही है। उधर, बाइक सवार बदमाश भोजीपुरा के आगे किधर और कहां गए उनका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
कोर्ट में कत्ल और पुर्तगाल कनेक्शन की जांच भी शुरू
हरियाणा के भिवानी की अदालत में हत्या के कुछ दिन बाद अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर को निशाना बनाया गया। दोनों मामलों में गैंगस्टर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग का नाम सामने आया है। एक ही आईडी से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दोनों घटना की जिम्मेदारी भी ली गई है। दोनों वारदातों में समान आरोपियों के शामिल होने की आशंका में पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। जल्द ही पुलिस की एक टीम हरियाणा के लिए भी रवाना की जाएगी। जिस फेसबुक आईडी से अभिनेत्री के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई थी, उसे उसी दिन शाम को बंद कर दिया गया। एक धमकी भरा ऑडियो डालने के बाद संबंधित अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया। पुलिस ने आईडी को ट्रेस किया तो उसका जुड़ाव पुर्तगाल से मिला।
हलावा के रुपये दुबई में मंगा कर पुर्तगाल से पहुंचते हैं गैंगस्टर
गैंगस्टर गोल्डी बरार, रोहित गोदारा समेत वीरेंद्र चारण के खिलाफ पहले से ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी की जा चुकी है। इन तीनों गैंगस्टरों के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी समेत हथियारों की सप्लाई का आरोप है। ये सभी गैंगस्टर विदेशों में शरण लिए हुए हैं। इनमें पुर्तगाल में बैठे गैंगस्टर ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। ये तीनों गैंगस्टर अक्सर रंगदारी और फिरौती वाले रुपये को हवाला के माध्यम से दुबई में मंगाते हैं। रुपये दुबई के रास्ते पुर्तगाल पहुंचते हैं, वहां से रुपये इन गैंगस्टरों के ठिकानों पर पहुंच जाता है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई का शार्प शूटर रहा गैंगस्टर गोल्डी बरार की इस समय लॉरेंस के साथ खटपट चल रहा है। यही वजह है कि रोहित गोदारा समेत वीरेंद्र चारण जैसे गैंगस्टरों का सहारा खुद को अपराध जगत में जिंदा रहने के लिए ले रहा है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पाटनी परिवार पर फायरिंग के मामले में 33 सोशल मीडिया अकाउंट को चिन्हित किया गया है। इनकी पड़ताल की जा रही है। फायरिंग के बाद मुंबई पहुंची दिशा पाटनी की सुरक्षा मुंबई अधिकारियों से वार्ता कर बढ़वा दी गई है। 25 सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई गई है। साथ ही आरटीओ से सभी अपाचे का विवरण मांगा गया है। दिल्ली और राजस्थान में हमारी दो टीमें जमी हुई हैं। जो लगातार गिरोह से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।
