बरेली : फायरिंग से एक दिन पहले होटल में ठहरे थे चारों शूटर, रोडवेज पर छलकाए थे जाम
अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग प्रकरण में शामिल मुख्य शूटर रविन्द्र प्रीत पैलेस और तीन हिंद गेस्ट हाउस में लिए थे शरण
दिग्विजय मिश्रा बरेली, अमृत विचार : फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले चारों शूटर एक दिन पहले यानी 10 सितंबर को ही शहर में आ गए थे। मुख्य शूटर रविन्द्र रोडवेज स्थित प्रीत पैलेस होटल में तो अरुण, विजय और नकुल जंक्शन रोड स्थित हिंद गेस्ट हाउस में ठहरे थे। रोडवेज पर देर रात मुख्य शूटर रविंद्र ने जाम छलकाया और फिर सिगरेट पीता हुआ होटल में प्रवेश किया था। उधर गाजियाबाद में एसटीएफ और दिल्ली की सीआई यूनिट के संयुक्त टीम के ऑपरेशन में दोनों शूटरों की मौत के बाद बाद रोहित गोदारा बौखलाया है। उसने एक पोस्ट करके दोनों को शहीद बताते हुए लिखा कि वक्त जरूर लगेगा मगर माफी नहीं मिलेगी।
फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के सिविल लाइन्स के चौपुला स्थित आवास पर 12 सितंबर की सुबह 3.30 बजे फायरिंग हुई थी। बाइक से आए दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए थे। वारदात के समय दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी, उनकी मां पद्मा पाटनी और बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी घर पर मौजूद थीं, जबकि दिशा पाटनी उस समय विदेश में थीं। एसएसपी अनुराग आर्य समेत आला अफसर मौके पर पहुंचे थे। अभिनेत्री के घर के बाहर से कई खाली कारतूस बरामद हुए थे। फेसबुक पोस्ट के जरिये फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने ली थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि कहनी रोहतक निवासी मुख्य शूटर रविन्द्र और इंडियन कॉलोनी गोहना रोड सोनीपत के अरुण, मोहल्ला लोहड़ा बागपत निवासी नकुल और बजीरपुर बागपत के विजय तोमर शहर में 10 सितंबर को ही दस्तक दे दिए थे। चारों लोग दो बाइकों पर झुमका चौराहे पर सुबह 6:48 बजे दिखाई दिए। उसके बाद तीन लोग 7:15 बजे जंक्शन रोड स्थित हिंद गेस्ट हाउस पर पहुंचे। विजय, नकुल और अरुण यहां पर ठहरे, जबकि, मुख्य शूटर रविन्द्र सुबह 9:48 पर पुराने रोडवेज के पास स्थित प्रीत पैलेस होटल में पहुंचा था और वहां पर रुका था।
सरगना रविंद्र सागर के नाम से दी आईडी, फोटो उसी का
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य शूटर रविन्द्र ने रवींद्र सागर के नाम का आधार कार्ड दिया, लेकिन, उसमें आधार संख्या और पता गलत था। जबकि फोटो रविन्द्र का लगा था। उधर, तीनों अन्य शूटर हिंद गेस्ट हाउस में सही नाम से रुके थे। मगर पता और आधार नंबर उनका भी गलत निकलता है। शाम आठ बजे रविन्द्र होटल के बाहर निकलता है। वह बाजार में जाकर शराब के जाम छलकाता है। इसके बाद 8:30 बजे होटल में प्रवेश करता है। उस समय उसके हाथ में एक पानी का बोतल और दूसरे हाथ में जलता हुआ सिगरेट होता है। जबकि, कंधे पर काले कलर का गमछा रखा होता है। पुलिस को फर्जी आधार होने का शक उस समय और गहरा जाता है, जब, रविन्द्र फोन में देख कर होटल मैनेजर को पता बताता है। इतना ही नहीं विजय ने हिंद गेस्ट हाउस में मैनेजर को मोबाइल फोन से आधार कार्ड भेजा था। वह सिम निशांत शर्मा के नाम पर था।
पुर्तगाल से पोस्ट और भेजे गए ऑडियो की पुष्टि
पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग के बाद जो फेसबुक पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली गई थी। वह पुर्तगाल से पोस्ट की गई थी। उसी मोबाइल नंबर से ऑडियो भी यहां भेजी गई थी। पुलिस ने पुर्तगाल से डिटेल मंगवाया तो पता चला कि फोन 9 कंपनी का सिम है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित गोदारा पुर्तगाल में बैठा है। वहीं, गुरुवार को एक और पोस्ट रोहित गोदारा के नाम से फेसबुक बनी आईडी से की गई है। इसमें मुठभेड़ में मारे गए दोनों शूटरों को ढेर होने की जगह शहीद बताया गया है। पुलिस नई पोस्ट की डिटेल खंगाल रही है। काली स्पेलेंडर बाइक नकुल के पिता संजीव के नाम पर पंजीकृत है।
एक और अपराधी के शामिल होने की आशंका, झुमका तिराहे पर सोया तीन घंटे
पुलिस जांच में सामने आया कि 10 सितंबर को जब अपाचे बाइक झुमका तिराहे पर पहुंची तो उस पर रविन्द्र नहीं बैठा था। उसकी जगह कोई और बैठा था। जबकि, बाइक अरुण चला रहा था। लेकिन, रविंद्र से मिलती जुलती शर्ट पहने था। इसके बाद पीछे बैठा अपराधी झुमका तिराहे पर यात्रियों के लिए बने शेड में तीन घंटे तक सोता रहा। जबकि, वहां से अरुण अपाचे लेकर अकेले निकलता है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि होटल में रामनिवास के नाम से जो आधार कार्ड मिला है, कहीं वारदात में शामिल पांचवां अपराधी रामनिवास तो नहीं है। इधर होटल छोड़ कर जैसे ही सभी शूटर निकले यात्री शेड में सो रहा पांचवां अपराधी भी वहां से गायब हो गया। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी बस से निकला है।
रोहित गोदारा ने लिखा, हमारे भाई ढेर नहीं, शहीद हुए
एनकाउंटर होने के कुछ घंटे बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया। इसमें लिखा कि हमारे भाई ढेर नहीं, शहीद हुए हैं। भाइयों, आज ये जो एनकाउंटर हुआ है, यह हमारे लिए जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। मैं आपको बता दूं, यह जो न्यूज चैनल वाले चला रहे हैं कि ढेर हुए, ये ढेर नहीं शहीद हुए हैं। इन भाइयों ने धर्म के लिए अपना बलिदान दिया है। अरे कुछ तो शर्म करो। एक मुंह से तुम सनातन सनातन चिल्लाते हो और जो सनातन के लिए लड़ाई लड़े, उसे मार दिया जाता है। यह इंसाफ नहीं है। सनातन की हार हुई है। ये जितने भी सनातन धर्म का नाम लेकर घूम रहे हैं, ये सिर्फ अपनी रोटी सेंक रहे हैं। यह एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार हुई है। धर्म के लिए लड़ने वालों को इस हिंदुस्तान में मार दिया जाता है। अगर तुम इतने सच्चे हो तो उठाओ मुद्दा। हमारे शहीद भाइयों को दिलाओ इंसाफ। सनातन धर्म की आड़ में धंधा चल रहा। मैं पूरे देश को बता देना चाहता हूं कि यह सनातन धर्म की आड़ में एक धंधा चला हुआ है। सभी देशवासी इनसे सावधान रहें और हम अगर धर्म के लिए लड़ सकते हैं तो हमारे शहीद भाइयों के लिए हम वह काम कर सकते हैं, जिसकी ये कल्पना भी नहीं कर सकते। इसमें जिसका भी हाथ है, वह चाहे कितना भी पैसे वाला हो या पावर वाला हो, वक्त लग सकता है। माफी नहीं है।
मुठभेड़ में ढेर हुए रविन्द्र ने आठ माह पहले किया था प्रेम विवाह
पुलिस सूत्रों की मानें तो दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर कहनी रोहतक निवासी रविन्द्र ने आठ माह पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन, शादी का एक साल भी नहीं हुआ कि मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार रोहित गोदारा बीकानेर में लूण करणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है। उसने साल 2010 में जरायम की दुनिया में कदम रखा। बीकानेर शहर में रहते हुए मोबाइल रिपेयरिंग का भी काम किया। लेकिन धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में आगे बढ़ता चला गया। गैंगस्टर रोहित गोदारा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस के लिए 15 फरवरी को इंटरपोल को लेटर लिखा गया था। साथ ही देश के सभी एयरपोर्ट पर लुक आउट नोटिस जारी है। पवन कुमार के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवा कर रोहित दुबई गया था। इसके बाद से वह लगातार कई देश बदल चुका है। फिलहाल मौजूदा समय में वह पुर्तगाल में रह रहा है।
सेवानिवृत्त सीओ के घर पर फायरिंग करने वाले एक लाख रुपये के इनामी चार शूटर हमले से एक दिन पहले ही शहर में आ गए थे। तीन आरोपी जंक्शन रोड पर तो एक अन्य पुराने रोडवेज स्थित होटल में ठहरा था। दो को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है, जबकि दो फरार शूटरों की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आया है कि एक और अपराधी वारदात में शामिल रहा है। उसकी भी पहचान करने में टीम जुटी हुई है। पुलिस हर स्थिति से निपटने को तैयार है। -अनुराग आर्य, एसएसपी।
