हमीरपुर: कालपी पुल से यमुना में कूदी महिला कुरारा में जिंदा मिली, सीएचसी में इलाज के बाद आया होश
कुरारा (हमीरपुर), अमृत विचार। थाना क्षेत्र के उमराहट गांव के मजरे भैदन का डेरा में यमुना नदी के किनारे 56 वर्षीय महिला अचेत हालत में मिली। पुलिस ने एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां होश आने पर पता चला कि पति की हरकतों से तंग आकर उसने गुरुवार शाम कालपी पुल से यमुना में छलांग लगाई थी। सूचना मिलने के बाद बेटा अस्पताल पहुंच गया।
कुरारा थाना क्षेत्र के उमराहट ग्राम पंचायत के मजरा भैदन का डेरा की रहने वाली आशाबहू ममता का औरेया जनपद निवासी भाई अवधेश शुक्रवार की सुबह 6 बजे शौच के लिए यमुना नदी के किनारे गया था, तभी उसने नदी के किनारे कीचड़ में एक महिला को अर्धनग्न हालत में देखा। महिला अचेत थी।
अवधेश ने इसकी जानकारी अपनी बहन और प्रधान प्रतिनिधि गोपाल शुक्ल को दी। प्रधान प्रतिनिधि ने फौरन इसकी सूचना हरौलीपुर चौकी प्रभारी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और आशाबहू ममता ने अधेड़ महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने इलाज शुरू किया।
इलाज के बाद महिला होश में आई तो हरौलीपुर चौकी इंचार्ज ने पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक महिला इटावा शहर के लालपुरा इलाके में स्थित नीलकंठ मंदिर के पास रहने वाले दिलीप कुमार की पत्नी शैलेश शर्मा (56) है।
उसने बताया कि उसके पति दिलीप कुमार मंदबुद्धि के हैं। पति के गालीगलौज करने और भला-बुरा कहने से नाराज होकर वह 17 सितंबर को अपने मायके उरई आ गई थी। उसका मायका जिला परिषद के पास है। एक दिन वह मायके में रही और फिर गुरुवार को वहां से निकल पड़ी।
शाम को अंधेरा होने पर उसने कालपी पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद वह बहते-बहते यहां तक पहुंच गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ.सुनील कुमार जायसवाल ने बताया कि महिला की हालत अब ठीक है। वहीं हरौलीपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद महिला की हालत खतरे से बाहर है।
35 किलोमीटर दूर बही, फिर भी बची जान
महिला ने गुरुवार शाम कालपी पुल से यमुना नदी में छलांग लगाई थी। शुक्रवार की सुबह कुरारा क्षेत्र में यमुना के किनारे अचेत मिली, जहां से कालपी की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। इतनी दूर तक यमुना नदी में बहने के बाद भी उसकी जान बच गई, जिसे लोग ईश्वर का वरदान मान रहे हैं। अस्पताल में इलाज के बाद अब उसकी हालत लगभग सामान्य है।
दो दिन से तलाश रहे थे परिवार वाले
यमुना नदी के किनारे महिला के बरामद होने और फिर अस्पताल में होश आने के बाद पुलिस की ओर से परिजनों को सूचना दी गई थी। सूचना पर पुत्र आकाश शर्मा इटावा से कुरारा अस्पताल पहुंच गया। बेटे आकाश ने बताया कि मां तीन दिन से लापता थीं। परिवार के लोग उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को पुलिस से सकुशल होने की सूचना मिलने पर परिवार वालों को शुकून मिला।
