अमेठीःनवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला, इलाके में सनसनी
जामो/अमेठी, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के दीघा गोपालपुर गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक 21 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के अंदर साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान पिंकी सरोज उम्र 21 वर्ष पत्नी विनोद कुमार निवासी दीघा गोपालपुर के रूप में हुई है। पिंकी की शादी इसी साल मई महीने में हुई थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मौजूद परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो पिंकी को फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर घरवालों के होश उड़ गए और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की जानकारी डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से उतारा और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका के मायके पक्ष के लोग अहमदाबाद, गुजरात में रहते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
जामो थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि, "शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।" घटना के बाद से मृतका के परिवार और पूरे गांव में मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ में 'नमो युवा रन' मैराथन... सीएम योगी ने फिटनेस और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
