अमेठी में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी भीषण आग, 50 लाख का सामान जलकर राख
अमेठी, अमृत विचार: जिले के संग्रामपुर थाने के टीकरमाफी गाँव में एक बेकरी एजेंसी में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा लगभग 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की खबर मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचा और इतना बड़ा नुकसान देखकर सदमे में बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना अमेठी-दुर्गापुर मार्ग पर स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान के पास हुई। महबूब आलम नाम के व्यक्ति ने अपनी ब्रेकरी एजेंसी 'सामिया इंटरप्राइजेज' में शनिवार देर शाम ताला लगाया और घर चले गए। रविवार की सुबह पड़ोसियों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और तुरंत महबूब को और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि दो और गाड़ियों को बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद, दरवाजे, खिड़कियां और दीवारों को तोड़कर आग पर काबू पाया। इस दौरान आग की वजह से दुकान की दीवारें और छत में भी दरारें आ गईं।
दुकानदार महबूब आलम के अनुसार, उन्होंने हाल ही में तीन ट्रक बिस्किट, टोस्ट और अन्य बेकरी का सामान मंगवाया था। ऐसा माना जा रहा है कि खराब बिजली उपकरणों के कारण शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी। इस अग्निकांड में महबूब को करीब 50 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे महबूब नुकसान देखकर अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से सीएचसी भादर ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ में 'नमो युवा रन' मैराथन... सीएम योगी ने फिटनेस और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
