पीलीभीत: संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग और विवाहिता की मौत, बरखेड़ा और दियोरियाकलां का मामला
बरखेड़ा/दियोरियाकलां। अलग-अलग स्थान पर बुजुर्ग और विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुजुर्ग का शव गांव के बाहर सड़क किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला जबकि विवाहिता की ससुराल में मौत हुई। सूचना मिलने पर संबंधित थानों की पुलिस पहुंची और जानकारी की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहली घटना बरखेड़ा क्षेत्र में हुई। क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर के निवासी 55 वर्षीय तेजराम पुत्र बुद्धसेन खेती करते थे। उनका शव बुधवार सुबह बरखेड़ा दौलतपुर रोड पर सड़क किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सुबह घर से कामकाज पर जाने के लिए निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। परिवार वाले भी पहुंच गए और फंदे से उतारकर शव घर ले गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और घटना की जानकारी की। इस दौरान परिजनों ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे तक तेजराम ठीक थे। गांव के कुछ लोगों ने सुबह टहलते हुए भी देखा था। बरखेड़ा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है। अग्रिम कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
दूसरी घटना दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र की है। गांव किशनपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव के ही रहने वाले राहुल कुमार की 26 वर्षीय पत्नी मीनाक्षी देवी की ससुराल में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। मायके वाले भी आ गए और मौत पर संदेह जताया। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। मृतका के तीन बच्चे हैं। दियोरियाकलां कोतवाल दिगंबर सिंह ने बताया कि किशनपुर में एक महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
