कानपुर: ससुराल में घर के बाहर ई-रिक्शा में मृत मिला युवक, परिजनों ने काटा हंगामा, लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

परिजनों ने कहा- बेटे की हत्या की गई और मोबाइल भी गायब, विसरा सुरक्षित कार्यालय संवाददाता,

कानपुर, अमृत विचार। चार माह से मायके में रह रही पत्नी व बच्चे से मिलने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक का शव मकान के बाहर ई-रिक्शा में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। आरोप है कि पीटकर गला दबाया गया। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर ससुरालियों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

बिठूर के मंधना निवासी रामनारायण का 23 वर्षीय बेटा सरवन गौतम टाइल्स मिस्त्री था। पांच भाई-बहनों में सरवन बीच का था। भाई राजेश कुमार, सूरज और दो बहने हैं। उन्होंने बताया कि 2022 में बेटे की शादी गुबा गार्डेन देवी सहायनगर की रहने वाली काजल उर्फ अन्नू से हुई थी। उसका एक ढाई साल का बेटा सूर्यांश है। पिता के अनुसार शादी के कुछ दिन बाद ही अन्नू कलह कर मायके जाने की जिद करने लगी थी। जिस कारण बेटे से उसका विवाद होता था।

cats

इधर, चार माह से वह मायके में ही थी। बेटा फोन कर आने के लिए कहता तो वह मना कर देती। बड़े भाई सूरज ने बताया कि सरवन ने पत्नी को किसी युवक से फोन से बात करते सुना था। जिसके बाद उनके बीच काफी विवाद हुआ। बुधवार शाम को सरवन बेटे से मिलने की इच्छा से ससुराल गया था। उसके पास पांच हजार रुपये थे, जिससे बेटे को घुमाने व खरीदारी कराने वाला था। लेकिन गुरुवार सुबह उन्हें अन्नू ने फोन करके बताया की सरवन की मौत हो गई है।

खबर पाकर परिजन देवी सहायनगर पहुंचे तो देखा सरवन के गले पर कसने का और पीठ में चोटों के निशान थे। उसका फोन भी गायब मिला। सूरज के अनुसार फोन इसलिए गायब किया गया, क्योंकि उसमें अन्नू की कई रिकॉर्डिंग थी। परिजनों के हंगामा करने पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने लोगों को शांत कराया और ससुरालियों को हिरासत में लिया।

कल्याणपुर थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि सरवन शराब पीकर घर आता और विवाद करता था। बुधवार रात 11 बजे वह शराब पीकर आया था, इसलिए दरवाजा नहीं खोला। सुबह पड़ोसी के घर के सामने खड़े ई-रिक्शा में उसका शव पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। युवक शराब पीए था, चोटों के निशान नहीं मिले।

संबंधित समाचार