बदायूं : कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत, युवक घायल
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा शेखूपुर के पास हुआ हादसा
बदायूं, अमृत विचार: दवा लेने के लिए पत्नी और भतीजे के साथ जा रहे युवक की बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां दंपती की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव अहिरवारा निवासी पप्पू (45) के हाथ में सड़क हादसे में फ्रैक्चर हो गया था। वह कादरचौक क्षेत्र के गांव रमजानपुर के वैद्य से इलाज करा रहे थे। गुरुवार को वह अपनी पत्नी आसमां (40) और भतीजे यूसुफ (24) के साथ दवा लेने के लिए गांव रमजानपुर बाइक से जा रहे थे। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में कादरचौक मार्ग पर कस्बा शेखूपुर के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कार चालक मौके से भाग गया। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर मौत हो गई जबकि यूसुफ घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दंपती की मौत की पुष्टि की। यूसुफ का इलाज चल रहा है। दंपती की मौत से उनका 11 साल का इकलौता बेटा फरहान अनाथ हो गया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
