सांसद खेल स्पर्धा का दूसरा दिन: खिलाड़ियों ने दिखाई ताकत और जज्बा, बृजभूषण सिंह ने की हौंसला अफजाई
नवाबगंज/गोंडा, अमृत विचार। नंदिनी नगर महाविद्यालय का खेल मैदान शुक्रवार को उत्साह और ऊर्जा से गूंज उठा। सांसद खेल स्पर्धा के दूसरे दिन नवाबगंज और वजीरगंज ब्लॉक के बालक-बालिकाओं ने कबड्डी और रस्साकसी में जबरदस्त मुकाबले पेश किए। दर्शकों की तालियों और खिलाड़ियों के जोश ने माहौल रोमांचक बना दिया।
खेल का उद्घाटन पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और हौंसला अफजाई करते हुए कहा कि खेल में जीत-हार आती रहती है, लेकिन मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की भावना ही खिलाड़ी को आगे बढ़ाती है। हमारे गांव-गांव की प्रतिभाएं आने वाले समय में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह ने मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, टीम भावना और अनुशासन भी विकसित करते हैं। कबड्डी मुकाबलों में नवाबगंज ब्लॉक की जूनियर बालिका वर्ग में नंदिनी नगर की सोनी की टीम ने चंदापुर की विद्योतमा की टीम को हराकर खिताब जीता।

वजीरगंज ब्लॉक के जूनियर बालक वर्ग में शक्ती सिंह की टीम विजेता रही। नवाबगंज सीनियर बालिका वर्ग में नसरीन की टीम ने गोनार्द की नेहा को हराया। वजीरगंज जूनियर बालिका वर्ग में डीएवी की टीम विजयी रही, जबकि सीनियर बालक वर्ग में आनंद दूबे की टीम ने इंद्रापुरम के सत्यम बरनवाल की टीम को हराकर पहला स्थान हासिल किया।

रस्साकसी में नंदिनी के पहलवानों ने नंदिनी नगर हॉस्टल की टीम को मात दी। बालीवाल प्रतियोगिता में वजीरगंज के शिवा सिंह और दर्जी कुंआ के दिव्यांशु सिंह की टीमों ने कड़ा मुकाबला किया, जिसमें दिव्यांशु की टीम विजेता रही।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमित भूषण सिंह, नगर महाविद्यालय अध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र सिंह, प्राचार्य डॉ. बीएल सिंह, प्रशासक राम कृपाल सिंह, जेडी सिंह, नवीन सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
