बरेली: फायरिंग और पथराव में 10 पुलिस वाले भी घायल, डी आई जी बोले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा
बरेली, अमृत विचार। आई लव मोहम्मद पर छिड़े विवाद को लेकर आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद शहर में धारा 163 लागू होने के बावजूद जुटी भीड़ और फिर उपद्रव की घटना पर पुलिस की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई। डीआईजी अजय साहनी ने कहा कि उपद्रव करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
डीआईजी अजय साहनी ने शुक्रवार शाम मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि जुमा की नमाज के बाद भीड़ जुटाने के आह्वान पर लोग जमा हुए थे। समझाने पर ज्यादातर लोग नमाज बाद अपने घरों को चले गए। मगर कुछ खुराफातियों ने शहर का माहौल खराब करने की कोशिश कि। पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई। पथराव और फायरिंग में करीब 10 पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी उन्होंने दी। काफी संख्या में उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। खुराफातियों को चिन्हित कर नामजद मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। अलग अलग थाने में खुराफातियों को हिरासत में लिया गया है। धार्मिक प्रतिनिधियों से भी संपर्क में हैं। ये पूरी तरह से प्रीप्लेंड था, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मौलाना शहाबुद्दीन ने की शहर में शांति की बनाये रखने की अपील
शुक्रवार को हुए घटनाक्रम पर आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आवाम से अमन व शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पैगम्बर ए इस्लाम से मुहब्बत का इजहार सड़कों पर न करके बल्कि उनकी बताई हुई शिक्षा पर अमल करे। पुलिस व प्रशासन और अन्य किसी से भी तकराव की स्थिति पैदा न करें, कानून अपने हाथ मे न लें, और अफवाहो पर ध्यान न दें।
देर रात तक नहीं आई तौकीर की कोई प्रतिक्रिया
शुक्रवार सुबह अपना वीडियो बयान जारी करने वाले आई एमसी प्रमुख तौकीर रजा की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। आई एमसी नेता ने मौलाना को फाइक इंक्लेव में नजरबंद किए जाने की बात कही। वहीं पुलिस के लाठी चार्ज और उपद्रव को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ी है। लोग तौकीर के आह्वान को लेकर उनकी आलोचना कर रहे हैं।
