बाराबंकी: महिला को बंधक बनाकर पीटा, लाखों की लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बनीकोडर/बाराबंकी, अमृत विचार। असंद्रा थाना क्षेत्र के शनिवार को दिनदहाड़े एक घर में महिला को बंधक बनाकर बदमाशों ने पीटा और काफी सामान बटोर ले गए। लाखों रुपए का सामान जाने की संभावना जताई जा रही। घायल महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पैगंबरपुर बाजार के समीप रहने वाले ननकऊ गुप्ता बाहर नौकरी करते हैं और घर पर उनकी पत्नी बड़का, पुत्र अभिषेक और बहू सीता देवी रहती हैं। शनिवार को परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम कर रहे थे और घर पर केवल सीता देवी मौजूद थीं।

दोपहर 3 बजे के करीब 4-5 अज्ञात बदमाश घर में घुसे और सीता देवी को बंधक बनाकर पिटाई की। इसके बाद उन्होंने घर का सामान बटोर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग खेत से घर लौटे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

ननकऊ के भाई मोनू गुप्ता ने बताया कि बदमाश घर से नकद और सोने-चांदी के आभूषण ले गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक असंद्रा, आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि घटना पूरी तरह संदिग्ध लग रही है और मामले की जांच जारी है।

संबंधित समाचार